राम मंदिर चंदा चोरी मामला: पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चंपत राय के करीबी टिन्नू यादव के हॉस्टल से मिले 20 लाख रु, पुलिस खंगाल रही राम मंदिर कनेक्शन!

पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चंपत राय के करीबी टिन्नू यादव के हॉस्टल से मिले 20 लाख रु, पुलिस खंगाल रही राम मंदिर कनेक्शन!
अयोध्या राम मंदिर चंदा चोरी मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। 'श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र' ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय के करीबी टिन्नू यादव के हॉस्टल से 20 लाख रुपए की नगदी बरामद की गई है।

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। अयोध्या राम मंदिर चंदा चोरी मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। 'श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र' ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय के करीबी टिन्नू यादव के हॉस्टल से 20 लाख रुपए की नगदी बरामद की गई है। इसके अलावा उनके भतीजे मनीष के पास भी नगदी मिली है। पुलिस ने ये कार्रवाई टिन्नू की गिरफ्तारी के बाद की है। उनको अरेस्ट करने के बाद लगातार पुलिस उनसे जुड़े ठिकानों की तलाशी ले रही है।

दो कमरों में तलाशी

यूपी पुलिस ने टिन्नू यादव को गुरुवार की देर रात गिरफ्तार किया था। इसके बाद शुक्रवार की सुबह पुलिस टिन्नू को लेकर उनके हॉस्टल पहुंची थी। इसके बाद दो कमरों की तलाशी ली गई, जहां से पुलिस को 20 लाख रूपए नगद मिले हैं। इस तलाशी को लेकर पुलिस ने बताया कि टिन्नू यादव का ये हॉस्टल दुर्गापुरी कॉलोनी में स्थित है। आरोपी की निशानदेही पर इस नगदी को बरामद किया है। इस कार्रवाई के दौरान टिन्नू के साथ चार पुलिसकर्मी भी मौजूद थे।

टिन्नू से पूछताछ जारी

पुलिस का आगे कहना है कि राम मंदिर चंदा चोरी केस में अब तक टिन्नू और उनके भतीजे मनीष यादव के पास से करीब 23 लाख रूपए कैश मिले हैं। इनमें से 20 लाख रुपए सिर्फ हॉस्टल से बरामद किए है। फिलहाल इस मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है और आरोपी टिन्नू से पूछताछ जारी है।

चंदा चोरी मामले में 8 लोगों पर FIR

ट्रस्ट के सदस्य कृष्ण मोहन ने रामजन्मभूमि थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा था कि आरोपियों ने आपराधिक षड्यंत्र के तहत मंदिर के चढ़ावे की गिनती के दौरान कैश और आभूषणों की चोरी की है। मोहन ने एफआईआर में अविनाश शुक्ला, अनुकल्प मिश्रा, लवकुश मिश्रा, मनीष कुमार यादव, करुणेश पांडे, रमाशंकर मिश्रा, सुभाष श्रीवास्तव और राम शंकर यादव उर्फ टिन्नू यादव सहित अन्य अज्ञात लोगों के नाम दर्ज कराए थे। फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच कर रही है और सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

Created On :   27 Jun 2026 5:34 PM IST

Tags

Next Story