उत्तर प्रदेश: अयोध्या मंदिर केस में ट्रस्ट ने पिछले कुछ दिनों में सामने आई घटनाओं पर जताई हैरानी, कहा इनसे हम आहत और बेहद दुखी

डिजिटल डेस्क, भोपाल। उत्तर प्रदेश के अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र (ट्रस्ट) ने एक प्रेस बयान जारी किया है। ट्रस्ट की ओर से जारी इस प्रेस नोट में कहा गया है श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र (न्यास) अयोध्या की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि श्रीराम मंदिर (अयोध्या) में पिछले कुछ दिनों से सुनी हुई घटनाओं से हम स्तब्ध, आहत एवं अत्यंत दुखी हैं । समस्त रामभक्तों एवं रामसेवकों के प्रतिनिधि के रूप मे यहाँ सेवा करनेवाले हम इसकी न्यायपूर्ण जाँच एवं रामभक्तों को आश्वस्त करने के लिए प्रतिबद्ध है।
श्री रामजन्मभूमि तीर्थं क्षेत्र (न्यास) के महामंत्री चंपतराय और न्यासी अनिल मिश्रा से त्यागपत्र प्राप्त हुआ है। न्यास अपनी आगामी बैठक में इसका विचार करेगा।
न्यास उन श्रद्धालु भक्तों को आश्वस्त करता है जिन्होंने चाँदी की ईंटें, आभूषण आदि प्रभु श्रीराम की सेवा में अर्पण हेतु न्यास के अधिकारियों को व्यक्तिश: सौंपी है, वे वस्तुएँ सुरक्षित हिसाब सहित उपलब्ध है।
मंदिर के दानपात्रों से प्राप्त राशि की घटना के संबंध मे न्यास के निवेदन पर उ. प्र. शासन द्वारा गठित S.I.T. से प्राप्त अंतरिम प्रतिवेदन के आधार पर न्यास ने FIR की प्रविष्टि की है और उसपर वैधानिक कार्यवाही जारी है।
हम सभी को विश्वास दिलाते हैं कि भविष्य में कोई दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति ना बने ऐसा सुनिश्चित करेंगे। अपराधियों को वैधानिक यथायोग्य कड़ा दंड मिलें, इस के आग्रही रहेंगें। असामाजिक, अधार्मिक, स्वार्थी तत्वों द्वारा सनातन धर्म पर लांछन लगाने के प्रयास सफल नहीं होने देंगे। कृपया प्रसारित भ्रामक एवं निराधार अफवाहों से स्वयं बचें तथा अन्य लोगों को भी इसका शिकार न होने दें। हमें विश्वास है कि ये बादल छटेंगे, अंधेरा हटेगा, सत्य-सूर्य का प्रकाश होगा तथा श्रीरामभक्ति की प्रबल धारा अखंड बहती रहेगी। जय श्रीराम ।
Created On :   27 Jun 2026 5:51 PM IST












