दिल्ली शराब नीति मामला: पीएम मोदी पर संजय सिंह ने बोला हमला, तिहाड़ जेल में बंद केजरीवाल की सीसीटीवी से निगरानी करने का लगाया आरोप

पीएम मोदी पर संजय सिंह ने बोला हमला, तिहाड़ जेल में बंद केजरीवाल की  सीसीटीवी से निगरानी करने का लगाया आरोप
  • आप नेता संजय सिंहन ने पीएम मोदी पर लगाया आरोप
  • तिहाड़ जेल में बंद अरविंद केजरीवाल की प्रधानमंत्री कर रहे निगरानी
  • जेल में दिल्ली के सीएम लगा रहे झाडू

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आम) के संयोजक अरविंद केजरीवाल शराब नीति मामले के चलते तिहाड़ जेल में बंद है। इस बीच आप नेता संजय सिंह ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी तिहाड़ जेल में बंद अरविंद केजरीवाल की 24 घंटे सीसीटीवी से निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि एलजी का ऑफिस यही कार्य कर रहा है। इतनी ही नहीं, बल्कि उन्होंने दावा भी किया है कि जेल में दिल्ली के मुख्यमंत्री रोज झाडू लगा रहे हैं। मीडिया से बातचीत करने के दौरान संजय ने कहा, 'आज मैं आपको जो सच बताने जा रहा हूं उसे सुनकर हर कोई हैरान रह जाएगा। तिहाड़ जेल में अरविंद केजरीवाल किसी जेल में नहीं बल्कि एक यातना गृह में बंद हैं। जैसे कि आप सबको पता है कि हिटलर ने अपने विरोधियों के लिए यातना गृह बनवाया था। ठीक इसी तरह दिल्ली के सीएम यातना गृह में रह रहे हैं।'

पीएम कर रहे केजरीवाल की 24 घंटे निगरानी

इसके बाद सजंय सिंह ने कहा, ' तिहाड़ जेल में अरविंद केजरीवाल की पीएमओ और एलजी ऑफिस 24 घंटे निगरानी कर रहा है। पीएम मोदी जेल से दिल्ली सीएम के सीसीटीवी फुटेज को मंगवाकर देख रहे हैं। वह देखना चाहते हैं कि केजरीवाल आखिर क्या कर रहे हैं। मैं पूछता हूं कि यह निगरानी किस लिए की जा रही है? प्रधानमंत्री क्या देखना चाहते हैं? अरविंद केजरीवाल को दवा दी जा रही है या नहीं? उन्हें खाना दिया जा रहा है या नहीं? वह क्या पढ़ रहे हैं? आखिर पीएम मोदी क्या देखना चाहता हैं? आपको 24 घंटे का सीसीटीवी फुटेज क्यों चाहिए। आप यह देखना चाहते हैं कि अरविंद केजरीवाल की तबीयत कितनी खराब हुई, उनका स्वास्थ्य बिगड़ रहा है या नहीं? इन फुटेज के जरिए वह देखना चाहते है कि केजरीवाल की हिम्मत टूट रही है या नहीं। इस कार्य में पीएम के साथ एलजी भी शामिल है। दिल्ली का काम करने के बजाए एलजी यह देख रहे हैं कि जेल में अरविंद केजरीवाल को कितना प्रताड़ित किया जा रहा है। उनका सारा ध्यान यह लगा हुआ है।'

आप नेता ने आगे कहा, ' केजरीवाल से मुकाबला करना चाहते हैं तो काम की राजनीति कीजिए। जैसे केजरीवाल ने स्कूल और अस्पताल का निर्माण किया है। दिल्ली की सड़के बनवाई हैं। महंगाई कम की हैं। महिलाओं की सुरक्षा के लिए कार्य किए हैं। वैसे आप को भी देश के किसान, महिलाएं और युवाओं की चिंता करने पर जोर देना चाहिए। यह करने के बजाए आप केजरीवाल की हिम्मत और उनका साहस तोड़ने का प्रयास कर रहे हैं। आप 24 घंटे उनकी सीसीटीवी से निगरानी करने में लगे हुए हैं। आप के इस अत्याचार को देश की जनता भली-भांति देख रही है। तिहाड़ जेल में अरविंद केजरीवाल रोज झाडू लगा रहे हैं। जिस तरह केजरीवाल जेल में झाडू लगा कर सफाई कर रहे हैं। ठीक वैसे ही देश से भाजपा का भी सफाया हो जाएगा। उनकी बौखलाहट इस बात की ओर संकेत दे रही है।'

जेल में केजरीवाल पर मंडरा रहा खतरा

संजय सिंह ने केजरीवाल को लेकर कहा, 'जेल में किसी भी नियम का पालन नहीं किया जा रहा है। केजरीवाल के सीसीटीवी फुटेज देखने के लिए उसके लिंक मांगे जा रहे हैं। ताकि वह देख सकें कि केजरीवाल किस स्थिति में हैं। इस वजह से दोबारा यह बात कहनी पड़ रही है कि केजरीवाल के खिलाफ साजिश रची जा रही है। उनके ऊपर खतरा मंडरा रहा है। केजरीवाल के साथ किसी भी तरह की अनहोनी घट सकती है। अगर उन्हें कुछ भी हुआ तो प्रधानमंत्री कार्यालय और एलजी जिम्मेदार होंगे।'

Created On :   23 April 2024 9:18 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story