लोकसभा चुनाव 2024: केंद्र सरकार पर हमलावर हुईं प्रियंका गांधी, भाजपा पर लगाया देश को कर्ज में डुबाने का आरोप

केंद्र सरकार पर हमलावर हुईं प्रियंका गांधी, भाजपा पर लगाया देश को कर्ज में डुबाने का आरोप
  • प्रियंका गांधी ने भाजपा पर साधा निशाना
  • जनता को कर्ज में डुबाने का आरोप
  • एक्स पोस्ट में सरकार पर खड़े किए सवाल

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव 2024 में अब कुछ ही दिन शेष है, ऐसे में नेताओं की बयानबाजी काफी सामान्य है। आने वाले दिनों में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप के सिलसिले से चुनावी सरगर्मी और तेज होने वाली है। इसी सिलसिले में कांग्रेस पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी ने आज केंद्र सरकार पर हमला बोला है। प्रियंका ने केंद्र सरकार पर देश को कर्ज में डुबाने का आरोप लगाया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट कर न सिर्फ सरकार पर निशाना साधा बल्कि कई सवाल भी खड़े किए।

प्रियंका गांधी ने भाजपा के वित्तीय नीतियों पर हमला करते हुए पोस्ट में लिखा, "वित्त मंत्रालय का कहना है कि भारत सरकार मौजूदा वित्त वर्ष में 14 लाख करोड़ से अधिक का कर्ज लेने जा रही है। क्यों? आजादी के बाद से वर्ष 2014 तक, 67 सालों में देश पर कुल कर्ज 55 लाख करोड़ था। पिछले 10 वर्ष में अकेले मोदी जी ने इसे बढ़ाकर 205 लाख करोड़ पहुंचा दिया है। इनकी सरकार ने बीते 10 साल में लगभग 150 लाख करोड़ कर्ज लिया है। आज देश के हर नागरिक पर लगभग डेढ़ लाख का औसत कर्ज बनता है। यह पैसा राष्ट्रनिर्माण के किस काम में लगा?"

'छोटे-मध्यम कारोबार तबाह कर दिए गए'

प्रियंका गांधी ने सरकार की तरफ से लिए जा रहे कर्ज का हिसाब मांगते हुए सवाल किया कि पैसों का इस्तेमाल राष्ट्रनिर्माण के किस काम के लिए किया जा रहा है? उन्होंने अपनी पोस्ट में केंद्र सरकार पर छोटे और मध्यम कारोबार को तबाह करने का भी आरोप लगाया है। प्रियंका ने अपनी पोस्ट में देश की विकास के लिए कर्ज के पैसों के इस्तेमाल पर सवाल करते हुए लिखा, "क्या बड़े पैमाने पर नौकरियां पैदा हुईं या दरअसल नौकरियां तो गायब हो गईं? क्या किसानों की आमदनी दोगुनी हो गई? क्या स्कूल और अस्पताल चमक उठे? पब्लिक सेक्टर मजबूत हुआ या कमजोर कर दिया गया? क्या बड़ी-बड़ी फ़ैक्ट्रियां और उद्योग लगाये गये?"

उन्होंने पोस्ट में आगे लिखा, "अगर ऐसा नहीं हुआ, अगर अर्थव्यवस्था के कोर सेक्टर्स में बदहाली देखी जा रही है, अगर श्रम शक्ति में गिरावट आई है, अगर छोटे-मध्यम कारोबार तबाह कर दिए गए - तो आखिर यह पैसा गया कहां? किसके ऊपर खर्च हुआ? इसमें कितना पैसा बचत खाते में गया? बड़े-बड़े खरबपतियों की कर्जमाफी में कितना पैसा गया?"

'आम जनता पर आर्थिक तंगी का बोझ'

प्रियंका गांधी ने सरकार पर निशाना साधते हुए अपनी पोस्ट में लिखा, "अब सरकार नया कर्ज लेने की तैयारी कर रही है तो सवाल उठता है कि पिछले 10 साल से आम जनता को राहत मिलने की बजाय जब बेरोजगारी, महंगाई आर्थिक तंगी का बोझ बढ़ता ही जा रहा है तो भला बीजेपी सरकार जनता को कर्ज में क्यों डुबो रही है?"

Created On :   30 March 2024 6:37 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story