बिहार विधानसभा चुनाव 2025: राज्य की 100 सीटों पर चुनाव लड़ेगी आजाद समाज पार्टी, बढ़ सकती हैं इंडिया गठबंधन की मुश्किलें

राज्य की 100 सीटों पर चुनाव लड़ेगी आजाद समाज पार्टी, बढ़ सकती हैं इंडिया गठबंधन की मुश्किलें
  • बिहार में इस साल होने हैं विधानसभा चुनाव
  • 100 सीटों पर लड़ेगी चंद्रशेखर रावण की पार्टी
  • जौहर आजाद ने राजधानी पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी जानकारी

डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार विधानसभा चुनाव में अब कुछ ही महीने का समय बाकी है। इस बीच भीम आर्मी प्रमुख चंद्र शेखर आजाद की पार्टी आजाद समाज पार्टी कांशीराम ने बिहार के सियासी रण में उतरने का फैसला कर लिया है। बुधवार को पार्टी के बिहार प्रमुख जौहर आजाद ने राजधानी पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसका ऐलान किया। उन्होंने कहा कि पार्टी बिहार की 100 विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी।

जौहर आजाद ने बताया कि इन 100 में से 60 सीटों पर विधानसभा प्रभारी भी नियुक्त किए जा चुके हैं और बाकी पर तैयारी अंतिम चरण में है। आजाद समाज पार्टी की ओर से दावा किया गया कि जिन 100 सीटों पर वह चुनाव लड़ेगी, इनमें से 46 पर उसका सीधा मुकाबला महागठबंधन से होगा।

इसके साथ ही जौहर ने महागठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि वह सभी वर्गों को साथ लेकर नहीं चल रहा है, जिससे जनता में नाराजगी है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि 21 जुलाई को पटना में आजाद समाज पार्टी का राष्ट्रीय अधिवेशन आयोजित किया जाएगा, जिसमें पार्टी प्रमुख चंद्र शेखर आजाद खुद शामिल होंगे।

चंद्र शेखर आजाद के दल की एंट्री पर विश्लेषकों ने कहा कि आजाद समाज पार्टी बिहार में दलित वोट बैंक पर अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश करेगी। अगर वह इसमें कुछ हद तक भी सफल रहे तो इसका सीधा नुकसान महागठबंधन को हो सकता है, खासकर आरजेडी को। एक्सपर्ट्स का कहना है कि यदि चंद्र शेखर आजाद की पार्टी 500 से हजार वोट भी काट कर ले जाते हैं तो इससे सीटों के समीकरण तेजी से बदल सकते हैं।

Created On :   22 July 2025 1:41 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story