बिहार विधानसभा चुनाव 2025: सस्पेंस हुआ खत्म! RJD सांसद मनोज झा ने बताया कौन होगा महागठबंधन का सीएम फेस, राहुल गांधी के 'क्राइम कैपिटल' वाले बयान पर कही ये बात

सस्पेंस हुआ खत्म! RJD सांसद मनोज झा ने बताया कौन होगा महागठबंधन का सीएम फेस, राहुल गांधी के क्राइम कैपिटल वाले बयान पर कही ये बात
  • बिहार विधानसभा चुनाव में अब 4 महीने का समय बाकी
  • महागठबंधन में सीएम फेस को लेकर सस्पेंस बरकरार
  • राहुल गांधी के हालिया बयानों को मनोज झा ने बताया तथ्य सम्मत

डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार में इस साल विधानसभा चुनाव होने हैं। इस सियासी रण में जीत हासिल करने के लिए सभी राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। सभी दल अपने पार्टी और गठबंधन की जीत का दावा कर रहे हैं। इस बीच राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के सांसद मनोज झा ने महागठबंधन में मुख्यमंत्री का चेहरा कौन होगा, इस पार खुलकर बात की है।

'नौकरी मतलब तेजस्वी यादव'

RJD सांसद ने रविवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि आज जो परिस्थितियां हैं, उनमें तेजस्वी यादव ही सीएम का चेहरा हैं। वह चाहकर भी इसे छोड़ नहीं सकते हैं क्योंकि बिहार की जनता इसे स्वीकार नहीं करेगी। यह नरेटिव घर-घर पहुंच गया है। आज बिहार की जनता मानती है कि नौकरी मतलब तेजस्वी यादव।

राहुल गांधी के 'क्राइम कैपिटल' वाले बयान पर दी प्रतिक्रिया

राजद नेता मनोज झा ने आगे लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बयान 'क्राइम कैपिटल' पर कहा कि आज देश के लिए बिहार चिंता का विषय है। उन्होंने कहा, "राहुल गांधी ने कहा, यह चिंता का विषय है। अभी विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव के 'एक्स' हैंडल को देख लीजिए, जहां-जहां उन्होंने दौरा किया। हाल ही में मुजफ्फरपुर गए थे, इसके बाद कहने के लिए ज्यादा कुछ नहीं बचता है। आज देश के लिए बिहार चिंता का विषय बन गया है। जब कोई राज्य सामूहिक चिंता का विषय होता है, तो उसे खारिज करने से बेहतर है कोर्स करेक्शन किया जाए। राहुल गांधी और तेजस्वी यादव लगातार यही संदेश दे रहे हैं।"

'राहुल ने तथ्य और प्रमाण के साथ लिखा'

वहीं, राहुल गांधी के चुनाव आयोग पर सवाल उठाए जाने को लेकर राजद नेता मनोज झा ने कहा कि उन्होंने महाराष्ट्र विधानसभा में गड़बड़ी को लेकर जो लेख लिखा, वह तथ्य और प्रमाण के साथ लिखा। चुनाव आयोग को हमेशा याद रखना चाहिए कि उनका काम है स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराना। यह स्वतंत्र और निष्पक्ष शब्द बहुत मायने रखते हैं। उस दृष्टिकोण से चुनाव आयोग को अपनी गरिमा बचाने के लिए प्रोएक्टिव कदम लेना चाहिए। बता दें कि राहुल ने महाराष्ट्र के नवंबर 2024 में हुए विधानसभा चुनाव में मैच फिक्सिंग जैसी धांधली का आरोप लगाया। राहुल गांधी के इस आरोप के बाद देश में राजनीति तेज हो गई है। लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी के दावों को चुनाव आयोग ने बेतुका बताया है।

Created On :   8 Jun 2025 3:22 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story