Bihar Politics: '10 हजार में सरकार...', बिहार चुनाव में VIP की हार को लेकर मुकेश सहनी ने NDA पर लगाया ये गंभीर आरोप

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों में सत्ता की वापसी का दावा करने वाली महागठबंधन को एनडीए से करारी हार का सामना करना पड़ा है। इस बीच चुनाव में एक भी सीट नहीं जीतने वाली विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) पार्टी के मुखिया मुकेश सहनी ने अपनी पार्टी की हार स्वीकार की है। इसके साथ ही उन्होंने एनडीए पर आरोप लगाया। मुकेश सहनी ने कहा है कि एनडीए को जनादेश नहीं मिला है, बल्कि वे पैसे के बल पर जीते हैं।
मुकेश सहनी ने एनडीए पर लगाया आरोप
मुकेश सहनी ने रविवार को मीडिया से बातचीत के दौरान एनडीए को निशाने पर लेते हुए कहा, "10,000 में क्या मिलता है? 10,000 में बिहार सरकार मिलती है।" इस दौरान उन्होंने महिलाओं को दिए जाने वाले दस हजार रुपये के बदले वोट पाने का आरोप लगाया है।
बिहार विधानसभा चुनाव जीतने पर मुकेश सहनी ने एनडीए नेताओं को बधाई देने के साथ-साथअपनी हार का विश्लेषण करते हुए चौंकाने वाला आरोप लगाया। उन्होंने कहा, "वे (एनडीए) पैसे के बल पर जीते हैं। उन्होंने महिलाओं को खुलेआम पैसे दिए, और महिलाओं ने उन्हें वोट दिया।"
इस दौरान वीआईपी प्रमुख ने दावा किया कि युवाओं ने महागठबंधन का समर्थन किया, लेकिन महिलाओं की एक बहुत बड़ी आबादी ने एनडीए को वोट दिया, क्योंकि उन्हें कथित तौर पर पैसे दिए गए थे। सहनी ने कहा, "चुनावों में या तो जीत होती है या हार। महागठबंधन को अपेक्षित सफलता नहीं मिली। एनडीए विजयी हुआ।"
यह भी पढ़े -बिहार में एनडीए ने पैसे के जरिए चुनाव मैनेज किया और आयोग ने माहौल बनाने में की मदद राजीव शुक्ला
लालू परिवार में चल रही कलह पर दी ये प्रतिक्रिया
भविष्य की रणनीति को लेकर भी मुकेश सहनी ने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि वे लोकतंत्र के लिए अपनी लड़ाई जारी रखेंगे। उन्होंने नई सरकार को उसके वादे भी याद दिलाए। उन्होंने कहा, "अब सरकार को 'जीविका दीदी' से किया वादा पूरा करना होगा।"
इसके अलावा चुनाव में हार के बाद लालू प्रसाद यादव के परिवार में कथित दरार और रोहिणी आचार्य पर लग रहे आरोपों पर भी मुकेश सहनी ने प्रतिक्रिया दी। वीआईपी चीफ ने इसे "पारिवारिक मामला" बताया। सहनी ने कहा, "यह उनका पारिवारिक मामला है। अक्सर हार का दोष किसी एक व्यक्ति पर डाल दिया जाता है, जो सही नहीं है। हमें अपनी गलतियों से सीखने की जरूरत है।"
Created On :   17 Nov 2025 12:10 AM IST












