Bihar Government Formation: इस दिन हो सकता है एनडीए सरकार का शपथ ग्रहण, तारीख आई सामने

डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार विधानसभा में एनडीए ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। इसके बाद से ही लोगों के मन में एक ही सवाल उठ रहा है कि सूबे के मुख्यमंत्री की कुर्सी कौन संभालेगा। क्या नीतीश कुमार ही एक बार फिर सीएम बनेंगे या कोई और इस पद को संभालेगा। इन सब के बीच नई सरकार के शपथ ग्रहण को लेकर बड़ी खबर सामने आई है।
दरअसल, मीडिया रिपोर्ट्स में सूत्रों के हवाले से खबर मिली है कि नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 19 या 20 नवंबर को हो सकता है। समारोह पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान पर होगा। इस समारोह में पीएम मोदी और अमित शाह के साथ एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और पार्टी प्रमुख शामिल हो सकते हैं।
समारोह के लिए गांधी मैदान और उसके आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जाएंगे। 17 से लेकर 20 नवंबर तक मैदान बंद रहेगा। इस दौरान वहां आम लोगों का प्रवेश वर्जित होगा।
वहीं, सरकार के गठन की कवायद भी तेज हो गई है। इसे लेकर रविवार को बीजेपी और जेडीयू के बीच पहले दौर की चर्चा भी हो चुकी है। बताया जा रहा है कि कैबिनेट गठन और सरकार में घटक दलों की कैसी हिस्सेदारी होगी, ये भी तय हो चुका है। एबीपी न्यूज की खबर के मुताबिक 6 विधायकों पर 1 मंत्री पद का फॉर्मूला लागू किया जा सकता है।
यह भी पढ़े -जदयू नेता उमेश कुशवाहा ने लालू परिवार पर साधा निशाना, बोले-हम रोहिणी आचार्य के साथ खड़े हैं
बता दें कि बिहार की 243 विधानसभा सीटों पर दो चरण (6 और 11 नवंबर) में हुए चुनाव का 14 नवंबर को परिणाम घोषित हुआ। एनडीए ने 202 सीटें जीतकर दोबारा सत्ता में वापसी की। वहीं महागठबंधन महज 33 सीटों पर सिमट गया। इसके अलावा बिना किसी गठबंधन के लड़ी एआईएमआईएम को 5 जबकि इंडियन इन्क्लुसिव पार्टी, माकपा और बहुजन समाज पार्टी को एक-एक सीट मिली।
Created On :   16 Nov 2025 7:22 PM IST












