Bihar News: बिहार में चुनाव शुरू होने से पहले ही आरजेडी का बड़ा ऐलान, लालू ने 6 सेल्स में किए नए अध्यक्ष नियुक्त, जानें किस सेल की किसके हाथों में दी गई कमान?

- बिहार में चुनाव से पहले आरजेडी नेता लालू यादव ने किया बड़ा ऐलान
- बिहार के 6 लोगों की बनाई लालू यादव ने नई टीम
- 6 सेल्स में नियुक्त किए नए अध्यक्ष
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बिहार में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। संभावित विधानसभा चुनाव को लेकर बिहार के नेताओं ने पहले ही अपनी कमर कस ली है। सभी राजनीतिक दल अपनी तैयारियों में लगे हुए हैं। इसी में राष्ट्रीय जनता दल यानि आरजेडी ने भी संगठन को नई तरह से मजबूत करने का काम शुरू कर दिया है। लालू प्रसाद यादव ने बड़ा ऐलान करते हुए अलग-अलग सेल्स में नए राष्ट्रीय अध्यक्षों की नियुक्ति करनी शुरू कर दी है।
लालू यादव ने किया ऐलान
5 जुलाई को 13वीं बार आरजेडी के अध्यक्ष बने हुए लालू यादव ने अपनी नई टीम का ऐलान कर दिया था। इस ऐलान को चुनावी तैयारियों का हिस्सा माना जा रहा है। पार्टी ने नए चेहरों के साथ-साथ अनुभवी नताओं को भी बड़ी जिम्मेदारियां दी हैं। ऐसा माना जा रहा है कि, इससे संगठन की पकड़ और मजबूत होगी।
किसको मिली जिम्मेदारी?
आरजेडी अध्यक्ष लालू यादव ने ऐलान किया है कि, 6 प्रमुख सेल्स के राष्ट्रीय अध्यक्षों को नियुक्त किया गया है। जिसमें महिला सेल की कमान पूर्व केंद्रीय मंत्री कांति सिंह को दी गई है। वहीं, युवा सेल की कमान सांसद अभय कुशवाहा को दी गई है। अल्पसंख्यक सेल के नए अध्यक्ष पूर्व केंद्रीय मंत्री अली अशरफ फातमी को बनाया गया है। वहीं, अनुसूचित जाति एवं जनजाति सेल के अध्यक्ष बिहार सरकार के पूर्व मंत्री शिवचंतद्र राम को बनाया गया है। किसान प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सांसद सुधाकर सिंह और छात्र सेल की जिम्मेदारी प्रोफेसर नवल किशोर की थमाई गई है।
कौन होगा सीएम फेस?
आरजेडी ने ये भी कह दिया है कि, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ही महागठबंधन के सीएम पद के उम्मीदवार रहने वाले हैं। वे महागठबंधन कोऑर्डिनेशन कमिटी के अध्यक्ष के तौर पर भी काम कर रहे हैं और चुनाव से संबंधित सभी जिम्मेदारी ले सकते हैं।
Created On :   26 July 2025 2:38 PM IST