बिहार चुनाव 2025: 'PM के हाथ में नीतीश का रिमोट..बिहार को वो नहीं मोदी-शाह चला रहे', नालंदा में एनडीए पर बरसे राहुल गांधी

डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग में अब कुछ ही दिनों का समय बचा है। सभी राजनीतिक दल इस सियासी रण में जीत हासिल के लिए जमकर मेहनत कर रहे हैं। इसी क्रम में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने नालंदा के नूरसराय ने गुरुवार (30 अक्टूबर) को सभा की। उन्होंने बेरोजगारी, पेपर लीक और पलायन जैसे मुद्दों को लेकर सत्ताधारी एनडीए पर निशाना साधा।
राहुल ने कहा, 'बिहार का युवा सपना देखता है कि इंजीनियर बनूंगा, डॉक्टर बनूंगा। मां-पिता के पास जाता है और कहता है कि मुझे पढ़ाई करनी है। महीनों की मेहनत के बाद परीक्षा के एक दिन पहले पेपर लीक हो जाता है और बिहार का ईमानदार युवा देखता रह जाता है।'
यह भी पढ़े -मैथिली ठाकुर की बहुमत से जीत के लिए मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं पद्मश्री गायक अनूप जलोटा
पीएम मोदी के हाथ में नीतीश का रिमोट
राहुल गांधी ने पीएम मोदी और नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा, 'नीतीश कुमार कहते हैं कि 20 साल में बिहार को बदल दिया। लेकिन मैं पूछता हूं कि क्या बिहार में अच्छी शिक्षा, स्वास्थ्य मिल सकता है। बिहार के अस्पतालों में लोग जीने नहीं मरने जाते हैं। दूसरी तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खड़े हैं। उनके हाथ में नीतीश का रिमोट है। उनको नीतीश से जो करवाना होता है वो करवा देते हैं। बिहार को नीतीश नहीं बल्कि मोदी-शाह चला रहे हैं।'
दुबई की तरह बिहार क्यों नहीं बना सकते?
राहुल गांधी ने कहा, 'मैं बिहार के युवाओं से सवाल पूछना चाहता हूं। मैं देश के किसी भी प्रदेश में जाता हूं तो वहां मुझे बिहार के लोग दिखाई देते हैं। दुबई जैसी जगह को आपने अपने खून पसीने से बनाया है। मेरा आपसे सवाल है कि जब आप दुबई और बेंगलुरु जैसा शहर बना सकते हो तो ये बिहार में क्यों नहीं कर पाते हो।'
'एक समय होता था जब नालंदा की यूनिवर्सिटी पूरी दुनिया में मशहूर थी। जापान, कोरिया, इंग्लैंड से लोग पढ़ाई करने आते थे। दुनिया की शिक्षा का सेंटर नालंदा था। आज बिहार की यूनिवर्सिटी के बार में दूसरे लोगों से पूछिए। कहते हैं यहां सिर्फ पेपर लीक होता है। जिनकी सेटिंग है उन्हें पेपर मिल जाता है। बिहार के बाकी युवा देखते रह जाते हैं।'
ड्रामा करते हैं पीएम मोदी
कांग्रेस सांसद ने पीएम मोदी पर छठ पूजा का ड्रामा करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, मोदी छठ पूजा का ड्रामा कर रहे, यमुना की जगह स्विमिंग पुल में नहाते हैं। उन्होंने छठ त्योहार पर यमुना नदी वाले मुद्दे को लेकर पीएम मोदी पर जोरदार हमला किया। उन्होंने कहा मोदी जी छठ पूजा का ड्रामा कर रहे हैं और वह यमुना नदी में नहाने के बजाय एक स्विमिंग पूल में नहाने गए थे।
राहुल ने आरोप लगाया कि पीएम मोदी की छठ पूजा वोट हासिल करने के लिए किया गया नाटक है और वोट पाने के लिए वह मंच पर नाच भी सकते हैं। उन्होंने कहा कि मोदी को छठ पूजा या बिहार की परंपरा से कोई लेना-देना नहीं है, उनका मकसद केवल वोट लेना है।
Created On :   30 Oct 2025 3:38 PM IST












