विधानसभा चुनाव 2025: बिहार में अमित शाह के दो दिवसीय दौरे का दूसरा दिन, स्थानीय स्तर की रणनीति को देंगे अंतिम रूप

बिहार में अमित शाह के दो दिवसीय दौरे का दूसरा दिन, स्थानीय स्तर की रणनीति को देंगे अंतिम रूप

डिजिटल डेस्क, पटना। बीजेपी के दिग्गज नेता व केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के दो दिवसीय बिहार दौरे का आज दूसरा दिन है। शाह आज चुनावी रणनीतियों को लेकर सक्रिय रहने वाले है। दूसरे दिन अमित शाह का दौरा शाम तक पूरा हो जाएगा और इसके बाद वे दिल्ली लौटेंगे।

अमित शाह सुबह से ही अलग-अलग जिले में बैठकें करेंगे। वह सरायारंजन (समस्तीपुर जिला) में एक क्षेत्रीय सम्मेलन की अध्यक्षता करेंगे, जहां आसपास के जिलों जैसे दरभंगा, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी से पार्टी के कार्यकर्ता और नेता मौजूद रहेंगे। दोपहर में उन्होंने फोर्सेसगंज, अररिया में एक अहम बैठक है, जिसमें पूर्वी बिहार के जिलों — जैसे सहरसा, पूर्णिया, भागलपुर — के भाजपा कार्यकर्ता और संगठनात्मक नेतृत्व हिस्सा लेंगे।

शाह अपनी बैठक के दौरान बूथ स्तर की तैयारियों को समीक्षा , पार्टी संगठन , मतदाताओं तक संवाद पहुंचाना और स्थानीय स्तर की रणनीति को अंतिम रूप देंगे। इसके अलावा शाह अपने साथियों के साथ मिलकर यह तय करेंगे कि किन क्षेत्रों पर पार्टी की पकड़ कमजोर है, और वहां किस रणनीति से दबाव बढ़ाया जाए। कहा जा रहा है कि अररिया, सारण, वैशाली जिलों में वे विशेष जोर देंगे।

आपको बता दें चुनाव में कुछ दिन और बचें है। बीजेपी के चाणक्य कहे जाने वाले अमित शाह जीत को सुनिश्चित करने के लिए संगठन के लेवल पर अधिक से अधिक मजबूत करने की कोशिश में है। शाह के दौरे का साफ संदेश ही संगठन व कार्रवाई यानी बोली से ज्यादा काम को अधिक महत्व देना है। शाह अपने दौरे के आखिरी दिन स्थानीय मुद्दों पर जोर देने के साथ ही, जातीय समीकरणों और क्षेत्रीय मांगों का मिलाजुला सन्देश देने की कोशिश करेंगे। शाह अपने दौरे से ये संकेत देना चाहेंगे कि बीजेपी बिहार में सिर्फ प्रचार नहीं कर रही, बल्कि जमीन पर भी सक्रिय है।

बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने शाह के दौरे को लेकर कहा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बिहार आते रहते हैं। चुनावी साल है, उनका मार्गदर्शन हर कार्यकर्ता को NDA की फिर से सरकार बनाने के लिए दृढ़ संकल्पित होने, बिहार में जंगलराज को रोकने और यह सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित करता है कि बिहार फिर से अराजकता का शिकार न हो। सिन्हा ने इस दौरान कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा के बयान पर पलटवार करते हुए कहा, NDA सरकार ने हमेशा महिला सशक्तिकरण की वकालत की है। 55 साल केंद्र में सत्ता में रही कांग्रेस और 15 साल बिहार में सत्ता में रही राजद-कांग्रेस ने मिलकर बिहार को बदनाम और बर्बाद किया। इन लोगों को बोलने का कोई हक नहीं है। ये डबल इंजन सरकार द्वारा महिलाओं के उत्थान और सम्मान के लिए शुरू की गई पहल से परेशान हैं।

बिहार भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा, "केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह दो दिवसीय बिहार दौरे पर हैं। वे लगातार पार्टी कार्यकर्ताओं से मिल रहे हैं। कल उन्होंने बेतिया में पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और फिर वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक की। आज वे समस्तीपुर और अररिया में पार्टी कार्यकर्ताओं से मिल रहे हैं। विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं को उनका मार्गदर्शन मिल रहा है। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष जायसवाल ने प्रियंका गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें पांच साल बाद बिहार की याद आई है। वे पांच साल में कभी बिहार नहीं आईं, लेकिन आज चुनाव आने पर उन्हें बिहार की याद आ रही है। जब दिल्ली और पंजाब में बिहारियों को गाली बकी जाती है तो वे ताली बजाती हैं, तो उन्हें बताना चाहिए कि अब वे किस मुंह से बिहार आ रही हैं।

Created On :   27 Sept 2025 12:40 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story