Bihar MLC Elections 2026: निर्दलीय चुनाव लड़े भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह अब बीजेपी से बनेंगे MLC? पार्टी ने दिया टिकट, जेडीयू ने निशांत कुमार को मैदान में उतारा

डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार में विधान परिषद चुनाव 2026 के लिए बीजेपी ने उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है। लिस्ट में सबसे बड़ा नाम भोजपुरी फिल्मों के सुपरस्टार पवन सिंह का है। इससे पहले राज्यसभा और विधानसभा चुनाव के दौरान भी पवन सिंह का नाम संभावित उम्मीदवारों की सूची में शामिल था, लेकिन अब पार्टी ने उन्हें एमएलसी चुनाव के लिए उम्मीदवार बनाया है। पवन सिंह के अलावा अन्य तीन नाम संजय मयूख, अनिल कुमार ठाकुर और शीला पंडित के हैं। इनमें से संजय मयूख को पार्टी की तरफ से मिला यह लगातार दूसरा मौका है। वो वर्तमान में भी एमएलसी हैं।
9 सीटों पर होंगे चुनाव
बिहार विधान परिषद की 9 सीटों के लिए द्विवार्षिक चुनाव 18 जून को होंगे। इनमें से 8 सीटों पर सत्ताधारी एनडीए उम्मीदवारों का जीतना तय माना जा रहा है। क्योंकि 243 सीटों वाली बिहार विधानसभा में एनडीए के पास 202 सीटें हैं। एमएलसी चुनाव के समीकरणों पर नजर डालें तो एक सीट जीतने के लिए लगभग 25 विधायकों का सपोर्ट तो मिलना ही चाहिए। ऐसे में 8 सीटें एनडीए के खाते में जाना कंफर्म है।
यह भी पढ़े -खान सर के उकसाने पर ही बॉडीगार्ड ने चलाई थी गोली? पुलिस एफआईआर में दर्ज हुए बयान, लगे गंभीर आरोप
जेडीयू ने भी जारी की लिस्ट
इससे पहले एनडीए में शामिल जेडीयू ने भी एमएलसी चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया था। पार्टी ने तीन उम्मीदवार विधान परिषद चुनाव और एक उम्मीदवार का ऐलान शेखपुरा विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए किया है। पार्टी ने नीतीश कुमार के बेटे और बिहार सरकार में मंत्री निशांत कुमार को अपना प्रत्याशी बनाया है। इसके अलावा भारती महतो और शिवानी देवी प्रजापति को भी पार्टी ने मैदान में उतारा।
Created On :   5 Jun 2026 7:34 PM IST







