AI Summit 2026: राजनाथ सिंह से लेकर शिवराज तक...बीजेपी के दिग्गजों ने की कांग्रेस के 'शर्टलेस' प्रदर्शन की निंदा

राजनाथ सिंह से लेकर शिवराज तक...बीजेपी के दिग्गजों ने की कांग्रेस के शर्टलेस प्रदर्शन की निंदा
भारतीय जनता पार्टी के दिग्गज नेताओं ने यूथ कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन की निंदा की है। दरअसल, आज एआई समिट के दौरान प्रदर्शनकारियों ने टी-शर्ट उतार कर पीएम मोदी के खिलाफ नारेबाजी की जिस पर बीजेपी भड़क उठी है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली में आयोजित 'एआई इम्पैक्ट समिट' (AI Impact Summit) के दौरान यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने खूब हंगामा किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ यह विरोध प्रदर्शन ऐसे समय किया गया जब दुनिया के अलग-अलग कोने से प्रतिनिधि आए हुए हैं। इस हरकत से भारतीय जनता पार्टी काफी नाराज नजर आ रही है और कांग्रेस का घेराव कर रही है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से लेकर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान तक, सबने इस प्रोटेस्ट की निंदा की है। तो चलिए देखते हैं किसने क्या कहा?

राजनाथ सिंह ने क्या कहा?

राजनाथ सिंह ने कहा कि जब पूरा विश्व भारत को नई दिल्ली में मौजूद भारत मंडपम में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट की मेजबानी करते हुए देख रहा था और तकनीक व नवाचार के क्षेत्र में हमारे बढ़ते वैश्विक नेतृत्व का साक्षी बन रहा था, उस समय कांग्रेस ने देश का सम्मान बढ़ाने के बजाय आयोजन में व्यवधान उत्पन्न करने का रास्ता चुना। यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं द्वारा जिस शर्मनाक तरीके से कार्यक्रम स्थल पर अनुचित व्यवहार करते हुए हंगामा किया गया है वह न केवल दुर्भाग्यपूर्ण है, बल्कि भारत की प्रतिष्ठा को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर धूमिल करने का प्रयास भी है।मैं कांग्रेस के इस कृत्य की भर्त्सना करता हूं।

उन्होंने आगे कहा कि जब भी भारत वैश्विक मंच पर आगे बढ़ता है, कांग्रेस राष्ट्रहित के साथ खड़े होने के बजाय राजनीतिक लाभ लेने को प्राथमिकता देती दिखाई देती है। दलगत राजनीति को देश की प्रतिष्ठा और सम्मान से ऊपर रखना अत्यंत दुखद है। भारत की जनता भली-भांति समझती है कि कौन भारत को सशक्त और समर्थ बनाने में जुटा है और कौन बार-बार भारत की छवि को धूमिल करने का प्रयास करता है।

शिवराज सिंह की प्रतिक्रिया

इंडिया AI इम्पैक्ट समिट में इंडियन यूथ कांग्रेस के विरोध पर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, "कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने AI समिट में सिर्फ अपनी शर्ट नहीं उतारी, बल्कि उन्होंने यह भी दिखाया कि कांग्रेस कैसे भारत विरोधी है। यह देशद्रोह है। यह हमारे देश की इमेज के साथ छेड़छाड़ है। मैं सोनिया गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे से पूछना चाहता हूं कि क्या उनके लिए राजनीति देश से बड़ी है? क्या उन्होंने देश की इज्जत से खेलने के लिए कोई सीक्रेट डील साइन की है? क्या यह कांग्रेस का असली चेहरा है? जनता इसे माफ नहीं करेगी।

राहुल गांधी पर कड़ा प्रहार

इंडियन यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के विरोध पर BJP MP संबित पात्रा ने कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी सबसे बड़े गद्दार हैं। देश के सबसे बड़े गद्दार। देश जहां भी तरक्की करेगा, जहां भी खुशी होगी, वे उसे ज़रूर खराब कर देंगे। ये गद्दार हैं। मेरे पास कांग्रेस के लिए सिर्फ़ तीन शब्द हैं: टॉपलेस, ब्रेनलेस, बेशर्म। आज, वे टॉपलेस, ब्रेनलेस हो गए। कांग्रेस में इतनी भी अक्ल नहीं है कि यह AI समिट जो चल रहा है, वह BJP का समिट नहीं है। यह पूरी दुनिया का AI समिट है।

T-Shirt उतार कर प्रदर्शन

देश की राजधानी दिल्ली में आयोजित 'एआई इम्पैक्ट समिट' के दौरान यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने जोरादर हंगामा किया। सभी प्रदर्शनकारियों ने अपनी टी-शर्ट उतार कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ 'पीएम इज कंप्रोमाइजड' के खूब नारे लगाए।

Created On :  

Tags

Next Story