BMC Election Result 2026: मुंबई स्थित BJP मुख्यालय में CM फडणवीस का जोरदार स्वागत, बंपर जीत पर दी प्रतिक्रिया, जनता का ऐसे किया धन्यवाद

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र निकाय चुनावों में मिली बंपर जीत के बाद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का मुंबई स्थित बीजेपी मुख्यालय में जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि बीएमसी समेत 25 नगर निगमों में बीजेपी और महायुति ने बड़ी जीत हासिल की है। इस वजह से उन्होंने उनका स्वागत किया। उन्होंने इस विजय को रिकॉर्ड तोड़ जनादेश बताया है और कहा कि यह जनता से साफ संदेश दिया है कि वे हर जगह विकास और ईमानदारी सरकार चाहते हैं।
प्रदेश की जनता को दिल से धन्यवाद
देवेंद्र फडणवीस ने अपने संबोधन में कहा, "मैं महाराष्ट्र की जनता का दिल से धन्यवाद करता हूं। 29 नगर निगमों में से 25 भाजपा या महायुति गठबंधन ने जीते हैं। बीएमसी पर भी महायुति का झंडा लहराएगा। हमने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिए गए विकास के एजेंडे को जनता तक पहुंचाया और लोगों ने इसका बड़े पैमाने पर समर्थन किया। यह रिकॉर्ड तोड़ जनादेश दर्शाता है कि लोग विकास और ईमानदारी चाहते हैं। मैं बालासाहेब ठाकरे को भी उनके आशीर्वाद के लिए धन्यवाद देता हूं।"
CM ने बताया जनता का एजेंडा
मुख्यमंत्री फडणवीस ने आगे जनता का एजेंडा बताते हुए कहा कि अब भी वह विकास पर कायम है। उन्होंने बताया, "हमारी आत्मा हिंदुत्व है और हमें इस पर गर्व है। हिंदुत्व और विकास को अलग नहीं किया जा सकता। जो लोग हिंदुत्व को जीवन पद्धति मानते हैं, उन्होंने हमें समर्थन दिया है। आगे भी सरकार का एजेंडा विकास ही रहेगा।"
पार्टी कार्यकर्ताओं से की अपील
जीत के जश्न के दौरान सीएम फडणवीस ने पार्टी कार्यकर्ताओं से दैर्य रखने और जिम्मेदार व्यवहार रखने की अपील की है। उनका कहना है, "मैं पार्टी कार्यकर्ताओं से अनुरोध करता हूं कि जीत के बाद किसी तरह का उन्माद न हो। जनता ने हमें उनकी सेवा के लिए चुना है, न कि गैर-जिम्मेदार व्यवहार करने के लिए"
पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व का किया आभार व्यक्त
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, नितिन नबीन और नितिन गडकरी का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया है। इसके साथ ही उन्होंने अपने गठबंधन के सहयोगी एकनाथ शिंदे को फोन पर बधाई दी और जीत की शुभकामनाएं दी।
Created On :   16 Jan 2026 7:39 PM IST













