'विपक्षी गठबंधन में दरकिनार किए जा रहे हैं सीएम नीतीश..' चिराग पासवान ने साधा निशाना

विपक्षी गठबंधन में दरकिनार किए जा रहे हैं सीएम नीतीश.. चिराग पासवान ने साधा निशाना
'इंडिया' गठबंधन में दरनिकार किए जा रहे हैं सीएम नीतीश?

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को सुप्रीम कोर्ट से राहत मिलने के बाद पार्टी और विपक्षी दलों की 'इंडिया' गठबंधन में खुशी की लहर है। इसी बीच रविवार को लोजपा (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि पहले विपक्षी गुट का नेतृत्व नीतीश कुमार कर रहे थे, लेकिन अब उन्हें दरकिनार किया जा रहा है।

लोकसभा सांसद चिराग पासवान ने सीएम नीतीश पर तंज कसते हुए कहा कि अन्य विपक्षी नेताओं के बीच सौहार्दपूर्ण संबंध हैं, लेकिन इस गैंड अलायंस के नेता अब बैकबेंचर बन कर रह गए हैं। चिराग पासवान के इस बयान के बाद अटकलों का बाजार गर्म हो गया है। कई राजनीतिक रणनीतिकार उनके इस बयान को शुक्रवार की रात में राहुल गांधी और लालू प्रसाद यादव की दिल्ली में हुए मुलाकात से जोड़कर देख रहे हैं। उनका मानना है कि चिराग पासवान का यह बयान 'दिल्ली डिनर' से जुड़ा हुआ है।

'दरकिनार हो रहे हैं सीएम नीतीश'

गौरतलब है कि शुक्रवार को मोदी सरनेम मानहानि मामले में सुप्रीम कोर्ट ने राहुल गांधी की सजा पर रोक लगा दी। इसके बाद इसी दिन रात में राहुल गांधी ने राजधानी दिल्ली में राजद सांसद मीसा भारती के घर पर बिहार के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव और राजद सुप्रीमों लालू प्रसाद यादव से मुलाकात की। हालांकि, इस बैठक में सीएम नीतीश मौजूद नहीं थे। इस मुलाकात को इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है कि क्योंकि, इसी माह के अंत में मुंबई में विपक्षी दलों की 'इंडिया' गठबंधन की एक बैठक होने वाली है।

चिराग पासवान ने इंडिया टुडे से कहा कि सीएम नीतीश ने विपक्ष के नेताओं को एक मंच पर लाने के लिए अहम भूमिका निभाई है। लेकिन अब वे इंडिया गठबंधन में तीसरी या चौथी पंक्ति में भी दिखाई नहीं दे रहे हैं। इसके अलावा कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में भी विपक्षी दलों की दूसरी बैठक हुई तो उनकी तस्वीर पोस्टर से भी गायब थी। इसी के साथ शहर में नीतीश कुमार पर निशाना साधने वाले पोस्टर लगे देखे गए थे।

कानून व्यवस्था को लेकर उठाए सवाल

चिराग पासवान ने आगे कहा कि इस तरह के पोस्टर ने बिहार को भी शर्मसार करने का काम किया है। राज्य में पुल ढहने का सिलसिला जारी है। साथ ही राज्य में कानून-व्यवस्था भी चरमरा गई है। हाजीपुर लोकसभा से चुनाव लड़े जाने पर चिराग पासवान ने कहा कि वह हाजीपुर सीट मेरी कर्मभूमि रही है और यह मेरी जिम्मेदारी है। बाकी एनडीए गठबंधन इस मसले पर फैसला करेगा। सीट पर अंतिम फैसला गठबंधन के भीतर ही होगा। चिराग पासवान ने आगे कहा कि इस मसले पर जल्द फैसला होने की उम्मीद है। ऐसा इसलिए भी है कि क्योंकि मेरे चाचा पशुपति कुमार पारस हाजीपुर सीट पर अपना दावा कर रहे हैं। हालांकि इसका मतलब यह भी नहीं है कि उन्हें इस सीट से चुनाव लड़ने का मौका मिलेगा।

Created On :   6 Aug 2023 12:14 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story