वीडियो से शुरू हुआ विवाद: देशभक्ति के प्रमाण बांटने वाले खुद तिरंगे का अपमान कर रहे हैं- इमरान प्रतापगढ़ी

देशभक्ति के प्रमाण बांटने वाले खुद तिरंगे का अपमान कर रहे हैं-  इमरान प्रतापगढ़ी
  • हवा महल से भाजपा विधायक बालमुकुंदाचार्य का वीडियो वायरल
  • कांग्रेस नेता ने वीडियो साझा करते हुए बीजेपी नेता पर साधा निशाना
  • विधायक बालमुकुंदाचार्य ने कहा ,अनजाने में इस्तेमाल किया

डिजिटल डेस्क,जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर में बीजेपी की ओर से निकाली गई तिरंगा यात्रा का एक वीडियो विवादों के चलते तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो हवा महल से बीजेपी विधायक बालमुकुंदाचार्य का बताया जा रहा है। वीडियो में बीजेपी विधायक एक बहुरंगी कपड़े से नाक पोंछते दिखाई दे रहे हैं। इसे लेकर कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि ये कपड़ा तिरंगे जैसा है और यह राष्ट्रीय ध्वज का अपमान है। बीजेपी भले ही इसे साधारण घटना बता रही हो लेकिन देशप्रेमियों के लिए तिरंगा का अपना अलग विशेष महत्व है। वीडियो के बाद से राजस्थान में बीजेपी और कांग्रेस के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है।

वीडियो साझा करते हुए कांग्रेस नेता इमरान प्रतापगढ़ी ने कहा कि जो नेता देशभक्ति के प्रमाण बांटते हैं, वे खुद तिरंगे का अपमान कर रहे हैं। राजस्थान कांग्रेस की सोशल मीडिया टीम ने भी बीजेपी पर जमकर निशाना साधते हुए लिखा कि जिन्होंने कभी आजादी की लड़ाई में हिस्सा नहीं लिया , वे तिरंगे का मूल्य नहीं समझ सकते।

बीजेपी की यह तिरंगा यात्रा गुरुवार को ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के उपलक्ष्य में निकाली गई थी। यात्रा जयपुर के रामनिवास बाग से शुरू होकर बड़ी चौपड़ तक पहुंची। इसमें मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी, मंत्रीगण और अन्य विधायक शामिल थे।

विधायक बालमुकुंदाचार्य ने बढ़ते विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि किसी कार्यकर्ता ने उन्हें हरे और सफेद रंग का एक कपड़ा दिया था, जिसे उन्होंने अनजाने में यूज किया। अहसास होने पर उन्होंने दूसरे रूमाल का इस्तेमाल किया। बीजेपी विधायक ने कांग्रेस पर राजनीति करने का आरोप लगाया है, हालांकि भास्करहिंदी वीडियो की पुष्टि नहीं करता।

Created On :   15 May 2025 6:36 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story