बिहार विधानसभा चुनाव 2025: वोटर अधिकार यात्रा के बाद बिहार अधिकार यात्रा निकले नेता प्रतिपक्ष और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव, मौजूदा सरकार को बताया लाठी-डंडे की सरकार

- वोटर अधिकार यात्रा के बाद बिहार अधिकार यात्रा
- नए संकल्प के साथ जो जिले छूट गए थे, उन्हें कवर कर रहे हैं-आरजेडी
- एनडीए सरकार को बताया लाठी-डंडे की सरकार
डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने बिहार अधिकार यात्रा शुरू की।
बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने अपनी बिहार अधिकार यात्रा पर कहा, "आज से हम लोग 'बिहार अधिकार यात्रा' के लिए निकल रहे हैं और बाकि के जिले जो छूट गए थे उन्हें हम कवर कर रहे हैं। नए संकल्प के साथ नया बिहार बनाने के लिए, बेरोजगारी, महंगाई और गरीबी को हटाने के लिए, किसान व मजदूर के सम्मान के लिए, मां-बहनों की सुरक्षा के लिए, आज बिहार में कारखानें और उद्योग लगें इस संकल्प के साथ हम इस यात्रा के लिए निकल रहे हैं। जहानाबाद में पहला कार्यक्रम होगा और उसके बाद नालंदा जिले में आज का कार्यक्रम है। बहुत लोगों की अपेक्षा थी कि जो बाकि के जिले रह गए हैं वहां पर भी हम संपर्क यात्रा करें।
वोटर अधिकार यात्रा समाप्त करने के बाद, जो बाकि के जिले बचे हुए थे, उन जिलों तक पहुंचने के लिए हम 'बिहार अधिकार यात्रा' पर निकले हैं ताकि हम हर जन के पास पहुंच सके। हम नए बिहार बनाने के एक नए संकल्प के साथ निकले हैं। यह केवल तेजस्वी यादव की यात्रा नहीं बल्कि नौजवान बेरोजगारों की यात्रा है, मां बहनों की सुरक्षा और सम्मान की यात्रा है, किसानों और मजदूरों की यात्रा है, बिहार में कारखानें और उद्योग आए उसकी यात्रा है। यह यात्रा बिहार के अधिकार की यात्रा है। हम लोग जनता के बीच ज्यादा से ज्यादा पहुंच रहे हैं। जनता इस बार परिवर्तन के मूड में है। हम जहां पर भी जा रहे हैं वहां जनता कह रही है कि भ्रष्टाचार और अपराध बढ़ गया है। किसी भी कीमत पर हमारा लक्ष्य रहेगा कि हम अपराध और भ्रष्टाचार मुक्त सरकार बिहार के लोगों को दें।
सरकार पर निशाना साधते हुए कहा ये सरकार लाठी-डंडे की सरकार है इसलिए जनता कह रही है, '2025! बहुत हुए नीतीश',लोग इस NDA सरकार से त्रस्त हो चुके हैं।
Created On :   16 Sept 2025 12:38 PM IST