Digvijay Singh post controversy: पीएम मोदी की जमीन पर बैठी तस्वीर पोस्ट कर दिग्विजय सिंह ने की RSS-BJP की तारीफ, क्या गांधी परिवार की तरफ है इशारा?

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अपने बयानों को लेकर अक्सर विवादों में रहने वाले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह एक बार फिर सुर्खियों में हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 1990 के दशक की एक ब्लैक एंड व्हाइट तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर की है। क्वोरा साइट (Quora site) के स्क्रीनशॉट में बीजेपी के वरिष्ठ नेता एल के आडवाणी और पीएम नरेंद्र मोदी गुजरात में एक कार्यक्रम के दौरान जमीन पर बैठे दिखाई दे रहे हैं।
उन्होंने आडवाणी और मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि कैसे जमीनी कार्यकर्ता भी संघ और भाजपा के ढांचे में आगे बढ़कर मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री जैसे शीर्ष पदों तक जा सकते हैं।
यह संगठन की शक्ति है...
दिग्विजय सिंह ने अपने एक्स अकाउंट पर Quora साइट का स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए लिखा, 'Quora साइट पर मुझे यह तस्वीर मिली। बहुत ही प्रभावशाली है। किस प्रकार RSS का जमीनी स्वयं सेवक व जनसंघ का कार्यकर्ता नेताओं की चरणों में फर्श पर बैठकर प्रदेश का मुख्यमंत्री व देश का प्रधानमंत्री बना। यह संघटन की शक्ति है। जय सिया राम।'
बता दें कि दिग्विजय सिंह ने जिस तस्वीर का स्क्रीनशॉट शेयर किया है वो साल 1996 में गुजरात के पूर्व सीएम शंकर सिंह बघेला के शपथ ग्रहण समारोह की है। इस तस्वीर में उस समय के बीजेपी के सभी वरिष्ठ नेता दिखाई दे रहे हैं।
गरमाई सियासत
उधर, दिग्विजय सिंह के पोस्ट पर सियासी बवाल मच गया है। बीजेपी कांग्रेस आलाकमान पर जमकर निशाना साध रही है। पार्टी के प्रवक्ता सीआर केशवन ने कहा कि दिग्विजय सिंह का बयान कांग्रेस के तानाशाही और अलोकतांत्रिक नेतृत्व को उजागर करती है। उन्होंने राहुल गांधी को घेरते हुए कहा, "क्या राहुल गांधी साहस दिखाएंगे और दिग्विजय सिंह के ट्वीट द्वारा उजागर किए गए उस चौंकाने वाले सत्य बम पर प्रतिक्रिया देंगे, जिसने पूरी तरह से बेनकाब कर दिया है कि कांग्रेस का पहला परिवार किस तरह निर्दयतापूर्वक तानाशाही तरीके से पार्टी चलाता है और यह कांग्रेस नेतृत्व कितना निरंकुश और अलोकतांत्रिक है?"
Created On :  
