तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026: 'मैंने पहले ही बता दिया...', BJP से टिकट न मिलने पर अन्नामलाई ने दी सफाई

डिजिटल डेस्क, चेन्नई। तमिलनाडु में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी पारा हाई है। इसे लेकर सत्तापक्ष और विपक्ष ने जोर-शोर से तैयारियों में जुटे हैं। इस बीच बीजेपी नेता अन्नामलाई ने शनिवार को चुनाव में टिकट न मिलने पर बड़ा बयान दिया है। बीजेपी नेता ने साफ किया कि उन्हें तमिलनाडु विधानसभा चुनाव नहीं लड़ना था। इस बात की जानकारी उन्होंने कोर कमेटी को पहले ही दे दी थी। चेन्नई में मीडिया से बातचीत के दौरान तमिलनाडु बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि उन्होंने लिखित में बता दिया था कि वे किसी भी निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव नहीं लड़ेंगे।
यह भी पढ़े -दिलीप घोष ने नामांकन से पहले टीएमसी पर साधा निशाना, बोले- बंगाल में बदलाव जरूरी, कानून व्यवस्था सुधारेंगे
बीजेपी से टिकट न मिलने पर अन्नामलाई ने दी सफाई
अन्नामलाई ने कहा, "मैंने कोर कमेटी को लिखित में पहले ही बता दिया था कि मैं किसी भी निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव नहीं लड़ूंगा। इसलिए ये सच नहीं है कि मुझे टिकट देने से इनकार किया गया बल्कि सच्चाई यह है कि मैंने चुनाव न लड़ने का फैसला किया।" बीजेपी नेता ने कहा कि मीडिया में इस मामले पर चर्चा होने के कारण वे स्पष्टीकरण दे रहे हैं। उन्होंने कहा, "चूंकि यह मामला मीडिया में चर्चा का विषय बन गया है, इसलिए मैं यहां स्पष्टीकरण दे रहा हूं।"
इस दौरान अन्नामलाई ने अपने फैसले का सम्मान करने के लिए पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि गठबंधन के लिए प्रचार पर ध्यान केंद्रित करेंगे। उन्होंने कहा, "मैं भाजपा नेतृत्व का आभारी हूं कि उन्होंने मेरे फैसले का सम्मान किया और मुझे एनडीए गठबंधन के उम्मीदवारों के समर्थन में प्रचार करने का अवसर दिया।" यह घटनाक्रम बीजेपी द्वारा शुक्रवार को तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए अपने 27 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी करने के बाद सामने आया है।
यह भी पढ़े -क्या कांग्रेस से रीझकर UDF को वोट देंगी महिलाएं? राहुल गांधी ने क्या फ्री करने का किया ऐलान?
पीयूष गोयल ने जारी की थी बीजेपी उम्मीदवारों की लिस्ट
बता दें, हाल ही में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल द्वारा तमिलनाडु के लिए बीजेपी के उम्मीदवारों की लिस्ट जारी करने के बाद आया है। गोयल ने कहा, "अन्नामलाई पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता हैं और उन्होंने किसी एक निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ने के बजाय पूरे राज्य में काम करने का विकल्प चुना है।" उन्होंने कहा कि उम्मीदवारों का चयन राज्य इकाई से मिले सुझावों और व्यक्तिगत प्राथमिकताओं के आधार पर किया गया है।
अन्नामलाई ने कहा कि वह एनडीए उम्मीदवारों के लिए प्रचार करेंगे। उन्होंने कहा, "मैं एक कार्यकर्ता हूं और एनडीए को 210 सीटें जिताने के लक्ष्य के साथ हमारे सभी विजयी बीजेपी और अन्य एनडीए उम्मीदवारों के लिए कंधे से कंधा मिलाकर प्रचार करूंगा।" तमिलनाडु में 23 अप्रैल को एक ही चरण में चुनाव होंगे। वोटों की गिनती 4 मई को होगी।
Created On :   4 April 2026 4:44 PM IST












