Parliament Monsoon Session: महिला आरक्षण बिल पर राहुल-किरेन आमने सामने! सोशल मीडिया पर दिखी तीखी तकरार

डिजिटल डेस्क, दिल्ली। महिला आरक्षण बिल को प्रस्तावित परिसीमन से जोड़ने को लेकर केंद्र और विपक्ष के बीच गतिरोध जारी है। इसे लेकर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू के बीच शनिवार को सोशल मीडिया पर तीखी बहस देखने को मिली।
इस बहस की शुरुआत किरन रिजिजू की उस टिप्पणी से हुई जो कि उन्होंने राहुल के महिलाओं की अभिव्यक्ति की आजादी वाले वीडियो पर की थी। रिजिजू ने महिला आरक्षण विधेयक का समर्थन करने को कहा था। इसके जवाब में राहुल गांधी ने पूछा कि महिला आरक्षण बिल को परिसीमन से जोड़ने की क्या आवश्यकता है?
20 जुलाई से ठप पड़े संसद के मानसूत्र सत्र के बीच रिजिजू बीते एक हफ्ते में कई बार राहुल गांधी से संपर्क कर चुके हैं। दरअसल, सरकार चाहती है कि विपक्ष महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक का समर्थन करे। क्योंकि इस विधेयक को संसद में पारित होने के लिए दो-तिहाई बहुमत की आवश्यकता है और सत्ताधारी एनडीए के पास इतने सांसद नहीं हैं।
राहुल पर रिजिजू का पलटवार
किरन रिजिजू ने शनिवार को राहुल गांधी का एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वो महिलाओं की अभिव्यक्ति की आजादी पर बोलते हुए दिखाई दे रहे हैं। रिजिजू ने कहा कि कांग्रेस और राहुल गांधी के रूख में सकारात्मक बदलाव दिख रहा है। उन्होंने कांग्रेस से महिला आरक्षण बिल का समर्थन करने की अपील की।
रिजिजू के इस पोस्ट का राहुल गांधी ने जवाब दिया। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण बिल तो 2023 में कांग्रेस के समर्थन से पारित हो चुका है। राहुल ने सवाल किया कि आखिर तीन साल बाद भी इसे क्यों लागू नहीं किया? इसे परिसीमन से क्यों जोड़ा जा रहा है? उन्होंने सरकार 2023 के कानून को बिना किसी शर्त के लागू करने की अपील की।
Created On :   8 Aug 2026 5:52 PM IST












