UP Election 2027: पीडीए की नई परिभाषा पर मायावती का अखिलेश यादव पर हमला, कहा- 'ब्राह्मण समाज को जोड़ने के लिए सपा ने...'

पीडीए की नई परिभाषा पर मायावती का अखिलेश यादव पर हमला, कहा- ब्राह्मण समाज को जोड़ने के लिए सपा ने...
अखिलेश यादव के पीडीए में ‘पी’ को पंडित बताने पर मायावती ने सपा पर निशाना साधा और कहा कि पार्टी चुनाव के हिसाब से अपना रंग बदलती है।

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने पीडीए फॉर्मूला की नई व्याख्या बताई है। अखिलेश यादव ने 'पी' का मतलब पंडित बताया है। अब उनके इस बयान पर बीएसपी की प्रमुख मायावती ने प्रतिक्रिया दी है। मायावती ने समाजवादी पार्टी की राजनीति पर सवाल उठाते हुए कहा है कि पार्टी समय और चुनाव के हिसाब से अपना समीकरण बदलती है। उन्होंने कहा है कि बीएसपी किसी एक जाति या वर्ग के लिए काम नहीं करती है। पार्टी की सोच पूरे समाज को साथ लेकर चलने की रहती है। मायावती ने अपनी पार्टी की पुरानी सरकारों का भी जिक्र करते हुए कहा है कि बसपा ने सभी वर्गों के हित को ध्यान में रखकर ही काम किया है।

पहले पीडीए का क्या मतलब था?

मायावती ने कहा है कि सपा पहले पीडीए में 'पी' का मतलब पिछड़ा बताती थी और साथ में दलित और अल्पसंख्यक वर्ग को शामिल किया जाता था। अब अखिलेश यादव ने पी को पंडित बता दिया है। ब्राह्मण समाज के लोगों का बसपा की तरफ बढ़ता जुड़ाव देखकर सपा ने अपनी बात बदली है। मायावती ने इसे चुनाव से जुड़ी रणनीति बताया है। उनका आरोप है कि सपा अलग-अलग समय पर अलग बात करके लोगों को अपने साथ जोड़ने की कोशिश करती है।

बसपा की नीति सभी के लिए- मायावती

मायावती ने कहा है कि बसपा की सोच किसी एक जाति तक सीमित नहीं है। पार्टी 'सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय' की नीति पर चलती है। इसका मतलब है कि सभी लोगों का भला हो और सभी को सुख मिले। उत्तर प्रदेश में बसपा की चार सरकारें बनीं और उनके दौरान भी इसी सोच के साथ काम किया गया था। मायावती ने लोगों से जाति के नाम पर होने वाली राजनीति से सावधान रहने की अपील की है। मायावती ने सपा पर आरोप भी लगाया है कि वह चुनाव आने पर अपनी राजनीतिक भाषा बदल लेती है। उनके मुताबिक, ऐसी राजनीति से कुछ समय के लिए फायदा हो सकता है, लेकिन इससे समाज की बड़ी समस्याएं दूर नहीं होतीं हैं।

Created On :  

Tags

Next Story