Himachal Panchayat Election Date: हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनाव की घोषणा, 3 चरण में होगी वोटिंग, जानें किस दिन आएंगे परिणाम

हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनाव की घोषणा, 3 चरण में होगी वोटिंग, जानें किस दिन आएंगे परिणाम
हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनाव की तारीखों का ऐलान हो गया है। हिमाचल प्रदेश की 3754 पंचायतों के लिए तीन चरणों में मतदान कराए जाएंगे। राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, 7,8 और 11 मई तक सुबह 11 बजे से शाम 3 बजे तक नामांकन दाखिल होंगे।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनाव की तारीखों का ऐलान हो गया है। हिमाचल प्रदेश की 3754 पंचायतों के लिए तीन चरणों में मतदान कराए जाएंगे। राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, 7,8 और 11 मई तक सुबह 11 बजे से शाम 3 बजे तक नामांकन दाखिल होंगे। वहीं, 12 मई को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। इसके बाद 14 मई को उम्मीदवार अपना नाम वापिस ले सकेंगे। 15 मई को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। मतदान सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक होगा।

हिमाचल प्रदेश में तीन चरण में होंगे पंचायत चुनाव

इस संबंध में हिमाचल निर्वाचन अधिकारी अनिल खाची ने बताया कि पहले फेज की वोटिंग 26 मई को होगी। जबकि, दूसरे फेज की वोटिंग 28 मई को होगी। इसके बाद तीसरे फेज की वोटिंग 30 मई को होगी। प्रधान -उप प्रधान और वार्ड सदस्य की मतगणना उसी दिन मतदान के बाद होगी। वहीं, पंचायत समिति और जिला परिषद के वोटों की गिनती 31 मई को 9 बजे से विकास खंड मुख्यालयों में होगी।

मालूम हो कि, हिमाचल में प्रधान और उप प्रधान के बराबर 3754 पद है। इन्हीं पदों पर तीन चरणों में चुनाव होगा। इन पदों पर कार्यरत 21,654 वार्ड सदस्यों के लिए चुनाव होगा। वहीं, 1769 पंचायत समिति और 251 जिला परिषद सदस्यों पदों के लिए चुनाव होगा। यदि देखा जाए तो 31,118 पदों पर चुनाव कराए जाएंगे। कुल्लू की चार पंचायतों के अलावा हिमाचल की सभी पंचायतों पर वोटिंग होगी।

हिमाचल पंचायत चुनाव में 15656 पद आरक्षित

इन पदों में 2502 पद अनुसूचित जाति, 4607 पद अनुसूचित जाति महिला, 713 अनुसूचित जनजाति के लिए, 1216 पद अनुसूचित जनजाति महिला, 177 अन्य पिछड़ा वर्ग -जबकि 229 अन्य पिछड़ा वर्ग महिलाओं के लिए आरक्षित है। इन चुनावों में 9604 पद महिलाओं के लिए आरक्षित हैं, जबकि 12166 अनारक्षित पद हैं। कुल मिलाकर महिलाओं के लिए हिमाचल पंचायत चुनाव में 15656 पद आरक्षित हैं।

बता दें, इस बार हिमाचल प्रदेश में कुल 50 लाख 79 हजार 48 वोटर हैं। इनमें से 25 लाख 67 हजार 770 पुरुष वोटर्स हैं। वहीं, 25 लाख 11 हजार 249 महिला वोटर्स हैं। पांवटा की भाटावाली पंचायत में सबसे ज्यादा 4623 मतदाता है। वहीं, पूह की ग्राम पंचायत सुमरा में सबसे कम 178 वोटर्स हैं। पंचायत चुनाव के दौरान 21,678 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। वहीं, लाहौल स्पीति के काजा की ग्राम पंचायत लांगना कौमिक में सबसे ऊंचा मतदान केंद्र 4587 मीटर की ऊंचाई पर मौजूद हैं।

बता दें, चुनाव के दिन सार्वजनिक तौर पर अवकाश रहेगा। जिला परिषद के लिए एक लाख के खर्च का निर्धारण किया गया है। वहीं, अन्य चुनावों में किसी तरह के खर्च का निर्धारण नहीं है। इतना ही नहीं, हिमाचल में आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू रहेगी।

Created On :   29 April 2026 1:27 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story