West Bengal Assembly Election 2026: पोस्टर हटाने से लेकर धांधली करने तक...भवानीपुर के मतदान केंद्र पहुंचीं CM ममता का BJP पर कड़ा प्रहार

पोस्टर हटाने से लेकर धांधली करने तक...भवानीपुर के मतदान केंद्र पहुंचीं CM ममता का BJP पर कड़ा प्रहार
सीएम ममता बनर्जी ने दूसरे चरण की वोटिंग के दौरान बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाया है।

डिजिटल डेस्क, कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए दूसरे चरण की वोटिंग आज सुबह (29 अप्रैल) से जारी है। नेता और जनता अपने मताधिकार का उपयोग करने के लिए उत्साहित नजर आ रहे हैं। इस चुनावी माहौल के बीच TMC अध्यक्ष और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भवानीपुर के चक्रबेरिया सर्वजनिन स्थित एक मतदान केंद्र के बाहर पहुंचीं। वह इसी विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रही हैं। इस दौरान उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर जोरदार निशाना साधा। इसी के साथ सीएम ने पोस्टर हटाने का भी आरोप लगाया है।

पोस्टर हटाने का आरोप

सीएम ममदा बनर्जी ने उनके बैनर हटाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र से मुख्यमंत्री और TMC उम्मीदवार ममता बनर्जी ने कहा कि बाहर से इतने सारे ऑब्जर्वर आए हैं। BJP जो कुछ भी कहती है, वे वही कर रहे हैं। जरा आस-पास देखिए, हमारे सारे पोस्टर हटा दिए गए हैं। क्या चुनाव इसी तरह होते हैं? वोट वोटर डालेंगे, न कि पुलिस या सुरक्षा बल। हाल ही में कुछ नए लोगों को लाया गया है, और वे जो चाहें कर रहे हैं। वे आतंकवाद फैला रहे हैं।

'किस तरह की गंडागर्दी चल रही है'

सीएम बनर्जी ने कहा कि देखिए, रात में हमारे कार्यकर्ता को कैसे पीटा गया। जरा इस ज़ुल्म को देखिए। यह किस तरह की गुंडागर्दी चल रही है? वोटिंग ऐसे नहीं होती। वोटिंग शांतिपूर्ण तरीके से होती है। यह लोकतंत्र का उत्सव है। लेकिन इन्होंने इसे पूरी तरह से बर्बाद कर दिया है। इनका इरादा बिल्कुल साफ है कि BJP जबरदस्ती चुनाव में धांधली करना चाहती है। हमारे कार्यकर्ता और लोग जान देने को तैयार हैं, लेकिन वे अपनी जगह नहीं छोड़ेंगे।

'मेरे यूथ ब्लॉक प्रेसिडेंट को सुबह गिरफ्तार लिया गया',

मुख्यमंत्री ने कहा कि मेरी पार्टी और मैं, AITC की अध्यक्ष के तौर पर, चाहते हैं कि वोटिंग शांतिपूर्ण हो ताकि लोग अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकें। हालांकि, अलग-अलग जगहों से कुछ ऑब्जर्वर लाए गए हैं, साथ ही ऐसे पुलिस अधिकारी भी हैं जो बंगाल को नहीं समझते। कल एक अधिकारी था जिसने पूरे बंगाल में हंगामा मचा दिया। मैं पूरी रात जागती रही। ऑब्जर्वर पुलिस स्टेशनों में जाकर दबाव बना रहे हैं और TMC को निशाना बना रहे हैं, यह कहते हुए कि TMC के सभी एजेंटों को गिरफ्तार किया जाना चाहिए। मेरे यूथ ब्लॉक प्रेसिडेंट को सुबह गिरफ्तार कर लिया गया। इसीलिए मैं चेतला गई थी।

उन्होंने आगे कहा कि मैं पुलिस स्टेशन नहीं गई थी; मेरा पार्टी कार्यकर्ता वहां गया था। कल रात, करीब 2 बजे, CRPF के 'गुंडों' की एक टीम- माफ कीजिए, 'गुंडे' नहीं- CRPF की एक टुकड़ी स्थानीय पुलिस के बिना मेरे वार्ड 70 के पार्षद के घर गई और उनके घर पर हमला कर दिया। उनकी पत्नी बच्चों के साथ घर पर अकेली थीं। जब उन्होंने कहा कि वह घर पर नहीं हैं, तो CRPF वालों ने उनके साथ मारपीट की (उन्हें लात मारी), उनका फोन छीन लिया, और उन्हें चेतावनी दी कि उन्हें पार्टी का कोई काम नहीं करना चाहिए। मैं आपको इसका सबूत दिखा सकती हूं।

Created On :   29 April 2026 9:23 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story