राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला: कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने जांच पर उठाए सवाल, कहा - 'अगर आरोप गंभीर तो SIT ने FIR क्यों नहीं दर्ज की'

डिजिटल डेस्क, दिल्ली। राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने बड़ा बयान दिया है। मामले की जांच प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा, "इस मामले में एफआईआर ट्रस्ट की ओर से दर्ज कराई गई थी, जबकि चोरी का आरोप भी ट्रस्ट से जुड़े लोगों पर ही लगाया जा रहा है। अगर आरोप गंभीर हैं तो एसआईटी ने अब तक एफआईआर क्यों दर्ज नहीं की।"
उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच जरूरी है ताकि सच्चाई सामने आ सके। इमरान मसूद ने आरोप लगाया कि जांच प्रक्रिया में पारदर्शिता होनी चाहिए और किसी भी संस्था से जुड़े मामले में कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उस बयान पर जिसमें उन्होंने कहा था कि जिन लोगों ने कभी रामलीला और कांवड़ यात्रा पर रोक लगाई, वही अब आस्था की बात कर रहे हैं, इमरान मसूद ने कहा, "उन्हें ऐसी किसी रोक की जानकारी नहीं है। रामलीला हमेशा समाज के सभी वर्गों के लिए रही है और इसके मंचन में कभी कलाकारों या दर्शकों को धर्म के आधार पर नहीं देखा गया।" उन्होंने कहा कि रामलीला भारतीय संस्कृति का हिस्सा रही है और इसमें सभी समुदायों के लोग भाग लेते रहे हैं। उनके अनुसार, धार्मिक आयोजनों को राजनीतिक विवाद का विषय नहीं बनाया जाना चाहिए।
वहीं, सपा और कांग्रेस के बीच गठबंधन को लेकर हो रही बयानबाजी को लेकर उन्होंने कहा कि इसका आखिरी फैसला दोनों पार्टियों का आलाकमान करेगा। मसूद ने कहा, 'अगर गठबंधन की बात हो रही है तो उसे जमीन पर भी दिखाई देना चाहिए। केवल टीवी बहस और बयानों तक सीमित रहने वाले गठबंधन का कोई मतलब नहीं है। उन्होंने कहा कि वह गठबंधन के खिलाफ नहीं हैं, बल्कि कांग्रेस को मजबूत करने की बात करते हैं।'
Created On :   16 July 2026 2:33 AM IST











