कर्नाटक विधानसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 7 दिन में 19 सभाओं को किया सम्बोधित, 6 रोड शो भी किए

कर्नाटक विधानसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 7 दिन में 19 सभाओं को किया सम्बोधित, 6 रोड शो भी किए
कर्नाटक विधानसभा चुनाव 2023

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कर्नाटक विधानसभा चुनाव में 224 सीटों पर मतदान किया जा रहा है। वोटर्स का वोट आज तय करेगा कि दक्षिण के दुर्ग पर किसका राज होगा। इसका पता 13 मई को होने वाली मतगणना में लगेगी। जब ईवीएम से जीत का पिटारा खुलेगा। इससे पहले चुनावी प्रटार में हर राजनैतिक दल ने अपने अपने दांव पेंच चले। पूरे चुनावी सफर में जो नाम सबसे ज्यादा चर्चा में रहा वो था बीजेपी के स्टार प्रचारक और देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी। पीएम मोदी ने कर्नाटक के चुनावी प्रचार में कुल 25 चुनावी प्रोग्राम किए। जिसमें रैली, जनसभा और रोड शो शामिल हैं। पीएम मोदी ने कई रैलियों, जनसभा और रोड शो को संबोधित कर चुनाव में एक नया मोड़ ला दिया। हालांकि चुनाव में इनका कितना असर हुआ? ये तो आने वाले नतीजे ही बता सकते है।

पीएम मोदी के चुनावी प्रोग्राम और प्रभाव

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सात दिन में 19 सभाओं को सम्बोधित किया जिसमें जनसभा और रैली शामिल हैं। इसके अलावा मोदी ने 6 रोड शो किए। इनमें से तीन बेंगलुरु में और एक-एक मैसूरु, कलबुर्गी और तुमकुरु में आयोजित हुए। पीएम मोदी ने इन कार्यक्रमों के जरिए 19 जिले की164 विधानसभा सीटों को कवर किया।

19 जिले और सीटों का समीकरण

1. तुमकुरु: तुमकुरु में पीएम मोदी की एक जनसभा हुई। तुमकुरु जिले में कुल 11 विधानसभा सीट हैं। पिछली बार कांग्रेस ने यहां तीन, बीजेपी और जेडीएस ने 4-4 सीट पर जीत दर्ज की थी।

2. बागलकोट: पीएम मोदी ने बादामी में एक सार्वजनिक जनसभा को संबोधित किया। यहां कुल सात विधानसभा सीट हैं। बीते चुनाव में बीजेपी ने पांच और कांग्रेस ने दो सीट पर जीत दर्ज की थी।

3. हावेरी: प्रधानमंत्री ने यहां एक जनसभा को संबोधित किया था। इस जिले में कुल छह विधानसभा सीट हैं। 2018 में हुए चुनाव में जिले में बीजेपी ने चार और कांग्रेस ने एक सीट और केपीजेपी ने एक सीट पर जीत हासिल की थी।

4. रामनगर: रामनगर के चन्नापाटन में प्रधानमंत्री मोदी की जनसभा हुई। रामनगर जिले में कुल चार विधानसभा सीट हैं। पिछली बार कांग्रेस ने यहां तीन सीटें जीतीं जबकि एक सीट पर जेडीएस उम्मीदवार विजयी रहा था। जिले में बीजेपी का खाता भी नहीं खुला था।

5. गुलबर्गा: प्रधानमंत्री ने यहां एक रैली को संबोधित किया। इस जिले में कुल नौ विधानसभा सीट हैं। 2018 के चुनावों में भाजपा को चार और कांग्रेस को पांच सीट मिली थी। गुलबर्गा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे का गृह जिला है।

6. दक्षिण कन्नड़: पीएम मोदी ने यहां मूडबिदरी क्षेत्र में एक रैली की। दक्षिण कन्नड़ जिले में कुल आठ विधानसभा सीटें हैं। बीते चुनावों में भाजपा को सात और कांग्रेस को एक सीट हासिल हुई थी।

7. बीदर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने चुनावी अभियान की शुरुआत बीदर जिले से की। यहां उन्होंने हुमनाबाद में जनसभा की। जिले में कुल छह विधानसभा क्षेत्र हैं। पिछले चुनाव में यहां भाजपा को एक, कांग्रेस को चार और जेडीएस को एक सीट मिली थी।

8. विजयपुर: यहां प्रधानमंत्री ने एक रैली की। इस जिले में कुल आठ विधानसभा सीटें आती हैं। 2018 विधानसभा चुनावों में यहां बीजेपी को तीन, कांग्रेस को तीन और जेडीएस को दो सीटें मिली थीं।

9. बेलगावी: बेलगावी जिले के कुदाची और बैलहोंगल में प्रधानमंत्री ने एक-एक जनसभा को संबोधित किया। इसके अलावा पीएम ने बेलगावी दक्षिण इलाके में रोडशो भी किया। बेलगावी जिले में कुल 18 विधानसभा सीटें पड़ती हैं। गत चुनाव में यहां बीजेपी को 10 और कांग्रेस को आठ सीटों पर जीत हासिल हुई थी।

10. बेंगलुरु: पीएम मोदी ने उत्तर बेंगलुरु क्षेत्र में दो रोड शो किए। इसके अलावा बेंगलुरु शहर में भी एक रोडशो को लीड किया। बेंगलुरु शहर जिले में 28 विधानसभा सीट आती हैं। 2018 में जिले की 11 सीटों पर बीजेपी को जीत मिली थी। वहीं, 15 सीटें कांग्रेस के खाते में गई थीं। जबकि, दो सीटों पर जेडीएस ने जीत दर्ज की थी।

11. कोलार: प्रधानमंत्री मोदी ने यहां एक रैली को संबोधित किया। इस जिले में छह विधानसभा सीट हैं। पिछली बार कांग्रेस ने यहां चार, जेडीएस ने एक और एक सीट पर निर्दलीय विजयी रहा था। भाजपा का जिले में खाता भी नहीं खुला था।

12. उत्तर कन्नड़: दक्षिण कन्नड़ के बाद पीएम उत्तर कन्नड़ भी पहुंचे। यहां उन्होंने अंकोला इलाके में एक जनसभा की। इस जिले में कुल छह विधानसभा सीट हैं। गत चुनाव में जिले में बीजेपी ने चार और कांग्रेस ने दो सीट पर विजय दर्ज की थी।

13. बेल्लारी: प्रधानमंत्री ने बेल्लारी में एक रैली को संबोधित किया। बेल्लारी जिले में कुल छह विधानसभा सीट हैं। बीते चुनाव में जिले में बीजेपी ने तीन और कांग्रेस ने तीन सीट पर जीत दर्ज की थी।

14. शिमोग्गा: पीएम मोदी ने यहां एक जनसभा के जरिए प्रचार किया। शिमोग्गा जिले में कुल सात विधानसभा सीट हैं। 2018 चुनाव में जिले में बीजेपी ने छह और कांग्रेस ने एक सीट पर जीत हासिल की थी।

15. विजयनगर: पीएम ने यहां एक रैली की। इस जिले में कुल चार विधानसभा सीटें आती हैं। पिछले चुनाव में भाजपा को एक और कांग्रेस को तीन सीट पर जीत मिली थी।

16. हासन: प्रधानमंत्री ने बेलूर में रैली को संबोधित किया। हासन जिले में कुल सात विधानसभा सीट हैं। बीते चुनाव में जिले में जेडीएस ने छह और बीजेपी ने एक सीट पर विजय हासिल की थी। एचडी देवेगौड़ा के गढ़ में कांग्रेस का खताा नहीं खुल सका था।

17. मैसूर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुनावी अभियान के दौरान यहां एक रोड शो (मैसूर) और एक रैली (नंजनगुड) में की। जिले में कुल 11 विधानसभा सीट हैं। पिछली बार कांग्रेस ने यहां तीन, जेडीएस ने पांच और बीजेपी ने तीन सीटों पर जीत दर्ज की थी।

18. चित्रदुर्ग: यहां कुल छह विधानसभा सीटें आती हैं। 2018 के चुनावों में बीजेपी को जिले की पांच सीटों पर जीत मिली थी। एक सीट पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की थी।

19. रायचूर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यहां जिले के सिंधनूर इलाके में जनसभा को संबोधित किया। जिले में कुल सात विधानसभा सीटें हैं। पिछले चुनाव में कांग्रेस ने यहां तीन, जेडीएस और भाजपा ने दो-दो सीटें जीतीं थीं।

Created On :   10 May 2023 4:14 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story