लोकसभा चुनाव 2024: दूसरे चरण में राहुल गांधी सहित 3 केंद्रीय मंत्री और 2 पूर्व सीएम की साख दांव पर, जानिए दूसरे चरण की हाई प्रोफाइल सीटों का समीकरण

दूसरे चरण में राहुल गांधी सहित 3 केंद्रीय मंत्री और 2 पूर्व सीएम की साख दांव पर, जानिए दूसरे चरण की हाई प्रोफाइल सीटों का समीकरण
  • पूर्व सीएम भूपेश बघेल और कुमारस्वामी की साख दांव पर
  • हाई प्रोफाइल सीटों पर दूसरे चरण में कड़ा होगा मुकाबला
  • लोकसभा अध्यक्ष को भी मिल रही है चुनौती

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पहला चरण का चुनाव संपन्न होने के बाद अब सबकी निगाहें दूसरे चरण पर टिकी हैं। दूसरे चरण का मतदान 26 अप्रैल को होगा। 24 अप्रैल की शाम से प्रचार अभियान बंद हो जाएगा। दूसरे चरण में 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों समेत 88 लोकसभा सीटों पर चुनाव होगा। जिसमें कुल 1206 प्रत्याशी चुनावी मैदान में अपनी किस्मत आजमाएंगे। दूसरे चरण में कई हाई प्रोफाइल सीटों पर भी चुनाव होना है। आज हम आपको दूसरे चरण की हाई प्रोफाइल सीटों और वहां से खड़े हो रहे दिग्गज नेताओं के बारे में बताएंगे।

वायनाड

दूसरे चरण में केरल की सबसे हॉट सीट वायनाड में चुनाव होने जा रहा है। यह वहीं सीट है जहां से कांग्रेस के दिग्गज नेता राहुल गांधी चुनावी मैदान में खड़े हैं। बता दें कि, केरल की सभी 20 सीटों पर दूसरे चरण में ही चुनाव संपन्न होगा। राहुल गांधी वर्तमान में वायनाड से ही सांसद हैं। साल 2019 के लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी को यहां 4 लाख से भी अधिक वोटों से जीत मिली थी। इस बार उनका सामना कम्युनिस्ट पार्टी की प्रत्याशी एनी राजा और बसपा प्रत्याशी पीआर कृष्णकुट्टी से है। वहीं, बीजेपी ने वायनाड से के सुरेंद्रन को राहुल गांधी के खिलाफ चुनावी मैदान में उतारा है।

राजनांदगांव

दूसरे चरण में छत्तीसगढ़ की सबसे हाई प्रोफाइल सीटों में से एक राजनांदगांव सीट पर भी चुनाव होगा। इस सीट से कांग्रेस की ओर से छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को चुनावी मैदान में उतारा गया है। दुर्ग के रहने वाले भूपेश बघेल की साख यहां दांव पर है। वहीं, बीजेपी ने संतोष पांडेय को टिकट दिया है। इसके अलावा बसपा ने देवलाल सिन्हा को चुनावी मैदान में उतारा है। भूपेश बघेल के सामने सात निर्दलीय समेत कुल 15 उम्मीदवार राजनांदगांव से चुनावी मैदान में हैं।

मान्डया

कर्नाटक की मान्डया संसदीय सीट पर पूर्व सीएम एचडी कुमारस्वामी की प्रतिष्ठा दांव पर है। उनको चुनौती देने के लिए कांग्रेस ने वेंकटरमण गौड़ा को चुनावी मैदान में उतारा है। बता दें कि, बीजेपी मान्डया सीट पर कुमारस्वामी की पार्टी जनता दल (सेक्युलर) के साथ गठबंधन में है। इस सीट पर सात निर्दलीय समेत कुल 14 उम्मीदवार चुनावी मैदान में है।

जोधपुर

राजस्थान की सबसे चर्चित सीट जोधपुर में भी दूसरे चरण में वोटिंग होगी। यहां से केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत तीसरी बार चुनावी मैदान में हैं। वहीं, उनके खिलाफ कांग्रेस से करण सिंह उचियारड़ा और बसपा से मंजू मेघवाल मैदान में हैं। जोधपुर सीट पर 6 निर्दलीय समेत कुल 15 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं।

गौतमबुद्ध नगर

80 लोकसभा सीटों वाले उत्तर प्रदेश की गौतमबुद्ध नगर सीट पर इस बार सबकी नजरें टिकी हुई हैं। क्योंकि, इस बार यहां से केंद्रीय मंत्री डॉ महेश शर्मा तीसरी बार चुनाव लड़ रहे हैं। उनके खिलाफ समाजवादी पार्टी (सपा) ने डॉ महेंद्र सिंह नागर को चुनावी मैदान में उतारा है। वहीं, बसपा से राजेंद्र सिंह सोलंकी भी चुनावी मैदान में हैं। इस सीट से 4 निर्दलीय समेत कुल 15 उम्मीदवार चुनावी मुकाबले में हैं।

कोटा

राजस्थान की सबसे हाई प्रोफाइल सीटों में से एक कोटा पर इस बार का चुनाव दिलचस्प होगा। बीजेपी ने कोटा से लगातार तीसरी बार लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को मैदान में उतारा है। उनका सामना बीजेपी के बागी नेता प्रहलाद गुंजल से है। जिन्हें इस बार कांग्रेस ने टिकट दिया है। बता दें कि, गुंजल पहले बीजेपी में ही थे और उन्होंने उत्तर कोटा विधानसभा सीट से पिछला विधानसभा चुनाव भी लड़ा था। हालांकि, वह चुनाव हार गए थे। कोटा गुर्जर बाहुल्य सीट है और गुंजल भी गुर्जर समाज के हैं। ऐसे चुनावी समीकरण में यहां बीजेपी की जीत की राह आसान नहीं होगी। बता दें कि, कोटा सीट 9 निर्दलीय समेत कुल 15 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं।

मथुरा

दूसरे चरण में उत्तर प्रदेश की मथुरा सीट पर चुनाव होना है। मथुरा सीट की गिनती भी हाई प्रोफाइल सीटों में की जाती है। मथुरा सीट के चुनाव में सबकी निगाहें होंगी। क्योंकि, वर्तमान बीजेपी सांसद और फिल्म अभिनेत्री हेमा मालिनी यहां से तीसरी बार चुनावी मैदान में होंगी। हेमा मालिनी के सामने कांग्रेस से मुकेश धनगर और बसपा से सुरेश सिंह चुनावी मैदान में हैं। मथुरा सीट पर 10 निर्दलीय समेत कुल 15 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं।

अट्टिंगल

केरल की अट्टिंगल संसदीय सीट पर केंद्रीय राज्य मंत्री वी मुरलीधरन की साख दांव पर है। कांग्रेस ने उनके सामने अडूर प्रकाश को चुनावी मैदान में उतारा है। वहीं, कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्क्सवादी) से एडवोकेट वी जॉय और बसपा से ए़डवोकेट सुरभि एस चुनाव मैदान में हैं। इस सीट से 3 निर्दलीय समेत कुल 7 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं।

मेरठ

मशहूर धारावाहिक रामायण में भगवान श्री राम की भूमिका निभाने वाले अभिनेता अरुण गोविल उत्तर प्रदेश की मेरठ सीट से चुनावी मैदान में हैं। अरुण गोविल को मेरठ से चुनावी मैदान में उतारना बीजेपी का एक बड़ा सियासी दांव माना जा रहा है। उनके सामने सपा नेता सुनीता वर्मा और बसपा उम्मीदवार देवव्रत कुमार त्यागी चुनौती पेश कर रहे हैं। मेरठ सीट से कुल 8 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।

जालोर

राजस्थान की जालोर संसदीय सीट से पूर्व सीएम अशोक गहलोत के बेटे वैभव गहलोत चुनावी मैदान में हैं। वैभव के सामने बीजेपी ने लुंबाराम को चुनाव मैदान में उतारा गया है। इस सीट से 6 निर्दलीय समेत कुल 12 उम्मीदवार के बीच घमासान होगा।

झालवाड़-बारा

राजस्थान की एक और बहुचर्चित सीट झालवाड़-बारा का चुनाव बेहद अहम होगा। यह सीट बीजेपी से प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का गढ़ मानी जाती है। साल 2009 से अब तक यहां से वसुंधरा के बेटे दुष्यंत सिंह सांसद हैं। इस बार उनका सामना कांग्रेस उम्मीदवार उर्मिला जैन और बसपा नेता चंद्र सिंह किराड़ से है। इस सीट से 3 निर्दलीय समेत कुल 7 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।

तिरुवनंतपुरम

केरल की तिरुवनंतपुरम सीट की चर्चा इन दिनों देशभर में है। यहां से केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर बीजेपी के टिकट पर चुनाव मैदान में हैं। उनका मुकाबला कांग्रेस सरकार में केंद्रीय मंत्री रहे शशि थरूर से होगा। वहीं, कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया ने पन्नयन रविंद्रन को टिकट दिया है। इनके अलावा बसपा से एडवोकेट राजेंद्रन भी चुनावी रण में उतरे हैं। इस सीट से 7 निर्दलीय समेत कुल 12 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।

पूर्णिया

दूसरे चरण में बिहार की जिन 5 सीटों पर चुनाव होना है। उनमें से पूर्णिया सीट इस बार के चुनाव में लगातार चर्चा में बनी हुई है। इंडिया गठबंधन की ओर से राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) ने इस सीट से बीमा भारती को चुनाव मैदान में उतारा है। दरअसल, राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने अपनी जन अधिकार पार्टी (जाप) का विलय कांग्रेस में कर दिया था और वह कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ना चाहते थे। लेकिन आरजेडी से सहमति नहीं बनी। जिसके बाद वह अब निर्दलीय मैदान में खड़े हैं। बता दें कि, पूर्णिया सीट पप्पू यादव का गृह क्षेत्र भी है। वहीं, उनके अलावा बसपा से अरुण दास भी चुनाव मैदान में हैं। ऐसे में पूर्णिया सीट का चुनाव दिलचस्प हो गया है।

बेंगलुरु दक्षिण

कर्नाटक की बेंगलुरु दक्षिण सीट का चुनाव दूसरे चरण में होगा। बीजेपी ने इस बार वर्तमान युवा सांसद तेजस्वी सूर्या पर भरोसा जताते हुए उन्हें एक बार फिर इस सीट से चुनावी मैदान में उतारा है। वहीं, कांग्रेस ने उनके खिलाफ सौम्या रेड्डी को चुनाव मैदान में उतारा है। इस सीट पर 12 निर्दलीय समेत कुल 22 उम्मीदवार चुनावी मुकाबले में हैं।

मैसूर

कर्नाटक की प्रमुख सीटों में से एक मैसूर सीट का चुनाव दूसरे चरण में होगा। इस बार बीजेपी ने पूर्व राजपरिवार के सदस्य पर भरोसा जताया है। इस बार मैसूर सीट से यादुवीर कृष्णदत्त चामराजा वाडियार चुनावी मैदान में हैं। उनके सामने कांग्रेस ने अपने राज्य प्रदेश प्रवक्ता एम लक्ष्मण को चुनाव मैदान में उतारा है। इस सीट पर 8 निर्दलीय समेत कुल 18 उम्मीदवार चुनाव मैदान में है।

Created On :   22 April 2024 2:41 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story