उपचुनाव: झारखंड के डुमरी में 'इंडिया' की जीत, झामुमो का कब्जा बरकरार, 17 हजार वोटों से जीतने वाली बेबी बनी रहेंगी मंत्री

झारखंड के डुमरी में इंडिया की जीत, झामुमो का कब्जा बरकरार, 17 हजार वोटों से जीतने वाली बेबी बनी रहेंगी मंत्री
  • झारखंड के डुमरी में 'इंडिया' की जीत
  • झामुमो का कब्जा बरकरार
  • 17 हजार वोटों से जीतने वाली बेबी बनी रहेंगी मंत्री

डिजिटल डेस्क, रांची। झारखंड की डुमरी विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में इंडिया ने एनडीए को शिकस्त दी है। यहां राज्य की सत्ताधारी पार्टी झारखंड मुक्ति मोर्चा की प्रत्याशी बेबी देवी ने अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी एनडीए की यशोदा देवी को करीब 17 हजार वोटों से पराजित किया है।

यशोदा देवी आजसू पार्टी की प्रत्याशी थी, जिन्हें एनडीए के घटक दलों का समर्थन हासिल था। जीत दर्ज करने वाली बेबी देवी राज्य की हेमंत सोरेन सरकार में मद्य एवं उत्पाद निषेध मंत्री हैं। सोरेन ने उन्हें विधायक बनने के पहले ही मंत्रिमंडल में जगह दी थी। मंत्री पद पर बने रहने के लिए इस चुनाव में उनके लिए जीत दर्ज करना अनिवार्य था।

बेबी देवी झारखंड की मौजूदा विधानसभा में 12वीं महिला विधायक होंगी। झारखंड में 82 सदस्यों वाली विधानसभा के अब तक के इतिहास में महिला विधायकों की सर्वाधिक संख्या है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बेबी देवी को फोन पर जीत की बधाई दी। इधर, बेबी देवी ने कहा है कि क्षेत्र की जनता ने उनके पति स्व. जगरनाथ महतो को सच्ची श्रद्धांजलि दी है। यह उनके दिवंगत पति और क्षेत्र की जनता की जीत है।

बता दें कि इस सीट से विधायक और हेमंत सोरेन की सरकार में शिक्षा एवं मद्य निषेध, उत्पाद मंत्री रहे जगरनाथ महतो का मार्च महीने में निधन हो गया था। इस वजह से इस सीट पर उपचुनाव की नौबत आई। जगरनाथ महतो इस विधानसभा सीट पर वर्ष 2005 से लगातार विधायक थे। उन्होंने 2005 से 2019 तक लागातार चार बार जीत दर्ज की थी। उपचुनाव में 5 सितंबर को इस सीट पर हुए मतदान में कुल 64.84 प्रतिशत वोटरों ने मताधिकार का इस्तेमाल किया था।

उपचुनाव में इंडिया की बेबी देवी और एनडीए की यशोदा देवी सहित कुल छह प्रत्याशी मैदान में थे। अन्य उम्मीदवारों में एआईएमआईएम के अब्दुल मोबिन रिजवी, निर्दलीय रोशन लाल तुरी, कमल प्रसाद साहू और नारायण गिरि चुनाव मैदान में थे।

(आईएएनएस)

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   8 Sep 2023 11:56 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story