UP News: जौहर विश्वविद्यालय विध्वंस का मामला, विपक्ष ने सरकार की कार्रवाई पर उठाए सवाल

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। उत्तर प्रदेश में जौहर विश्वविद्यालय विध्वंस का मामला राजनीतिक तूल पकड़ता जा रहा है। राज्य के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने जौहर विश्वविद्यालय विध्वंस नोटिस पर मीडिया से कहा सरकार की प्रतिबद्धता कानून व्यवस्था को कायम रखने में है। हर परिस्थिति में कानून व्यवस्था कायम रहनी चाहिए।
जिला अधिकारी रामपुर ने सपा के राष्ट्रीय महासचिव और पूर्व मंत्री मोहम्मद आजम खान के ड्रीम प्रोजेक्ट जौहर यूनिवर्सिटी की 40 में से 38 बिल्डिंग को अवैध निर्माण मानते हुए गिराने के आदेश दिए है।
आरजेडी नेता मनोज कुमार झा ने जौहर यूनिवर्सिटी को गिराने के नोटिस जारी किए जाने पर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा, आप अब विश्वविद्यालयों पर बुलडोजर चलाएंगे? जो लोग चोरी और डकैती में हैं उन पर तो कोई बुलडोजर नहीं चल रहा है। बुलडोजर बहुत कमाल की चीज है। रिमोट साहिब के हाथों में है, जब मन हो कहीं भी घुमा दो। जो पार्टी विश्वविद्यालयों का सम्मान नहीं कर सकती है वह देश को अंधी गुफा में लेकर जाएगी। जिन्होंने NEET का पेपर लीक किया था, वहां बुलडोजर चलवाइए।
आपको बता दें 18 सितंबर 2006 को जौहर यूनिवर्सिटी की स्थापना हुई थी, इसका उद्घाटन 18 सितंबर 2012 को हुआ। आजम खान पर रामपुर में दर्ज करीब 90 मामलों में से करीब 30 मामले जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े हैं। यूनिवर्सिटी करीब 1500 बीघा जमीन पर बनी है और खरीदी गई जमीनों को लेकर कानूनी विवाद आज भी जारी है। पिछले पांच सालों से यूनिवर्सिटी पर लगातार प्रशासनिक और जांच एजेंसियों की कार्रवाई हो रही है। 2017 में यूपी में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली बीजेपी सरकार आने के बाद यूनिर्सिटी के बुरे दिन शुरु हो गए।
Created On :   16 July 2026 12:52 PM IST











