कर्नाटक राज्य: कर्नाटक में CM पद की अटकलों पर डीके शिव कुमार ने दी प्रतिक्रिया, कहा- पांच साल का पूरा करेंगे कार्यकाल सिद्धारमैया

डिजिटल डेस्क, बेंगलुरु। कर्नाटक में मुख्यमंत्री पद को लेकर एक बार फिर राजनीतिक माहौल गरमाया हुआ है। कांग्रेस विधायक एच डी रंगनाथ ने उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार को एक दिन मुख्यमंत्री की कुर्सी पर देखने की इच्छा जताई थी। इसको लेकर चल रही अटकलों पर डीके शिव कुमार ने विराम लगा दिया है। उन्होंने कहा कि पूरे 5 साल सिद्धारमैया ही मुख्यमंत्री बने रहेंगे। इस पर अब और अधिक चर्चा करने की अनुमति नहीं है।
कर्नाटक के डिप्टी सीएम ने कहा कि सिद्धारमैया जो कह रहे हैं वह अंतिम सत्य है। उनके इस बयान पर किसी को बात नहीं करनी चाहिए। जो लोग इस पर बोल रहे हैं। वे पार्टी को नुकसान पहुंचा रहे हैं। उन्होंने कहा हाईकमान से जो आदेश आएगा कांग्रेस के सभी नेता उसका पालन करेंगे। हम पार्टी के अनुसार ही चलेंगे। हमारे लिए पार्टी व्यक्ति से ऊपर है। हम किसी व्यक्ति की नहीं सुन सकते। इसी पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पार्टी महत्वपूर्ण है,व्यक्ति नहीं। हमें पार्टी जो कहेगी हम वही करेंगे।
उपमुख्यमंत्री ने बीजेपी पर कसा तंज
इसी दौरान डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार ने बीजेपी पर तंज कसते हुए कहा कि हम उन्हें सुई और धागा देंगे। ताकि वे अपनी पार्टी के फटे हिस्सों को सिल सकें। वहीं RSS के 100 साल पूरे होने पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस को घेरने के लिए बीजेपी के पास कोई मुद्दा नहीं है। मुख्यमंत्री को लेकर चल रही अटकलों को पर बीजेपी या RSS जो चाहे बाहर बोल सकती है। लेकिन हमारी पार्टी एक जुट है। यह हमारे दिल में है। इसे कोई हटा नहीं सकता। हमारे यहां सभी धर्मों का सम्मान होता है। इसे विपक्ष हिला भी नहीं सकता।
मुख्यमंत्री पद को लेकर चल रही अटकलों को किया खारिज
मुख्यमंत्री बदलने को लेकर कर्नाटक के गृह मंत्री परमेश्वर ने जो बात कही थी अब उस बात से स्वंय ही पलट गए हैं। उन्होंने कहा कि सिद्दारमैया पूरे 5 साल तक मुख्यमंत्री रहेंगे। इसके बाद उन्होंने कहा कि कौन कह रहा है कि मुख्यमंत्री बदले जाएंगे? इस समय हमारे मुख्यमंत्री सिद्दारमैया हैं और आगे भी वही रहेंगे। हमें पूरा यकीन है कि 5 साल तक वे एक अच्छी सरकार चलाएंगे। परमेश्वर ने इन अटकलों को लेकर अब साफ कह दिया है कि हाईकमान जो भी निर्णय लेगी। उसका हम पूरी तरह पालन करेंगे।
Created On :   2 Oct 2025 11:26 PM IST