आरएसएस पर प्रहार: RSS की स्थापना के 100 साल पूरे होने पर गरमाई सियासत, अब तेज प्रताप यादव ने भी साधा जोरदार निशाना

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। जन शक्ति जनता दल के संस्थापक और बिहार के पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर जोरदार प्रहार किया है। उन्होंने गुरुवार (2 अक्टूबर) को मीडिया से बात करते हुए कहा कि आरएसएस ने कभी देश की स्वतंत्रता की लड़ाई नहीं लड़ी है। आपको बता दें कि, RSS की स्थापना के 100 साल पूरे हो गए हैं। इस मौके पर केवल तेज प्रताप यादव ही नहीं बल्कि कई नेता संघ पर निशाना साधने में लगे हुए हैं। वहीं, उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने 100 वर्ष पूरे होने पर आरएसएस को बधाई दी है।
तेज प्रताप यादव का निशाना
तेज प्रताप यादव ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम में आरएसएस का कोई योगदान नहीं था। महात्मा गांधी के साथ क्या हुआ, यह सभी जानते हैं। हम गांधीवादी लोग हैं।
डी. राजा ने क्या कहा?
सीपीआई महासचिव डी. राजा ने कहा कि आरएसएस ने कभी देश की आजादी के लिए लड़ाई नहीं लड़ी। हमारी पार्टी का गठन उसी वर्ष, 1925 में हुआ था। हमारी पार्टी स्वतंत्रता आंदोलन में सबसे आगे थी और उसने सर्वोच्च बलिदान दिए। वास्तव में, यह हमारी पार्टी थी जिसने पहली बार पूर्ण स्वतंत्रता और औपनिवेशिक शासन के अंत का आह्वान किया था। आरएसएस कहां था? सामाजिक और सांस्कृतिक इतिहास में आरएसएस का क्या योगदान है? यह प्रतिक्रियावादी, विभाजनकारी, सांप्रदायिक है, लोगों का ध्रुवीकरण कर रहा है और देश की एकता और अखंडता के लिए खतरा पैदा कर रहा है। उन्हें लोगों को समझाना चाहिए।
यूपी बीजेपी अध्यक्ष ने दी बधाई
उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष पर कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने अपनी स्थापना के 100 वर्ष पूरे कर लिए हैं। मैं सभी स्वयंसेवकों को बधाई देता हूं। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने देश में सामाजिक मुद्दों, सामाजिक एकता, सद्भावना पर दृढ़ता से सभी को साथ लिया है। मैं स्थापना दिवस पर करोड़ों स्वयंसेवकों को हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं।
Created On :   2 Oct 2025 4:47 PM IST