लोकसभा चुनाव 2024: अब यूपी के बनने चले नीतीश कुमार! इस सीट से चुनाव लड़ने की तैयारी, इंटरनल सर्वे में भी मिले मनमाफिक नतीजे

लोकसभा चुनाव 2024: अब यूपी के बनने चले नीतीश कुमार! इस सीट से चुनाव लड़ने की तैयारी, इंटरनल सर्वे में भी मिले मनमाफिक नतीजे
  • साल 2024 में बीजेपी के खिलाफ चुनावी रण में उतरेंगे नीतीश
  • फूलपुर एवं नालंदा से चुनाव लड़ने की तैयारी

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। आगामी लोकसभा चुनाव में विपक्षी गठबंधन के सूत्रधार बिहार के सीएम नीतीश कुमार भी चुनाव लड़ते हुए नजर आएंगे। खबरे है कि कुमार बिहार और उत्तर प्रदेश के संसदीय क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे। अपने गृह जिला नालंदा के अलावा नीतीश यूपी के फूलपुर सीट से भी चुनाव लड़ने का पूरा मन बना चुके हैं। इनका चुनाव लड़ना करीब-करीब पक्का हो चला है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपनी पार्टी जेडीयू के वरिष्ठ नेताओं से फूलपुर सीट का सर्वे करा रहे हैं और स्थिति को भांपने के लिए अपने नेताओं को जमीन पर उतार चुके हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जेडीयू के इंटरनल सर्वे में पार्टी के मन मुताबिक आंकड़े सामने आए हैं जिससे कुमार संतुष्ट हैं। नीतीश कुमार ने फूलपुर सीट पर सियासी संभावनाएं तलाशने के लिए बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार, नालंदा के सांसद कौशलेंद्र कुमार और एमएलसी संजय सिंह को जिम्मा दिया है। हाल ही में जेडीयू ने मंत्री श्रवण कुमार को यूपी का प्रभारी भी बनाया था। तब से वो इस सीट पर गुप्त तरीके से सर्वे कर रहे हैं। ये तीनों वरिष्ठ नेता नीतीश कुमार के विश्वासपात्र माने जाते हैं।

नीतीश फूलपुर सीट से लड़ेंगे चुनाव

विपक्ष को एकत्रित करने का श्रेय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को ही जाता है। राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक, बीजेपी के एनडीए गठबंधन से अलग होने के बाद से ही नीतीश कुमार ने ही विपक्ष को एकजुट करने के लिए कई दफा कोशिश की थी और उनके नेतृत्व में ही राजधानी पटना में विपक्षी एकता की सफल बैठक हुई और दूसरे दौर की मीटिंग में सभी दलों की सम्मति से विपक्षी गठबंधन का नाम इंडिया रखा गया। नीतीश के फूलपुर सीट से चुनाव लड़ने को लेकर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी में भी चर्चा चल रही है। कहा जा रहा है कि, कांग्रेस और सपा को नीतीश के इस फैसले पर कोई आपत्ति नहीं है।

फूलपुर लोकसभा सीट के अंदर पांच विधानसभा सीटें आती हैं। इस क्षेत्र में ज्यादा कुर्मी समुदाय के लोग रहते हैं। राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का कोर वोट बैंक हमेशा से कुर्मी समुदाय रहा है क्योंकि उनके गृह जिले और राज्य में भी कुर्मी समुदाय के लोग अच्छे खासे हैं जिसकी वजह से नीतीश कुमार को हमेशा से चुनावी नतीजों में सफलता मिलती रही है।

जीत की कितनी संभावना

नतीश कुमार फूलपुर सीट से आगामी लोकसभा चुनाव में खड़े होते हैं तो उनकी जीत की संभावनाएं जताई जा रही हैं। इस सीट से देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू भी चुन कर सदन जा चुके हैं। साथ ही पूर्व प्रधानमंत्री विश्वनाथ प्रताप सिंह भी फूलपुर सीट से सांसद रह चुके हैं। अंदरूनी सूत्रों के मुताबिक, अगर कुमार यूपी के फूलपुर सीट से मैदान में उतरते हैं तो इसका फायदा विपक्ष को करीब दो दर्जन सीटों पर मिलने का अनुमान है। साथ ही यूपी के अलावा उत्तर भारत की तमाम सीटों पर भी अच्छा खासा असर पड़ सकता है। लेकिन अब देखना होगा कि नीतीश कुमार का यह प्लान कितना कारगर साबित होता है और भगवा पार्टी इन्हें रोकने के लिए कौन से कदम उठाती है ये देखना दिलचस्प होगा।

Created On :   2 Aug 2023 7:01 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story