कांग्रेस का बीजेपी पर आरोप: किसानों को लेकर मोदी सरकार पर मल्लिकार्जुन खरगे ने बोला हमला, कहा- 'अन्नदाता से केंद्र सरकार बात नहीं करना चाहती'

किसानों को लेकर मोदी सरकार पर मल्लिकार्जुन खरगे ने बोला हमला, कहा- अन्नदाता से केंद्र सरकार बात नहीं करना चाहती
  • मल्लिकार्जुन खरगे बोले- 'किसानों से केंद्र सरकार बता नहीं करना चाहती'
  • किसानों को लेकर मोदी सरकार पर मल्लिकार्जुन खरगे ने बोला हमला
  • मल्लिकार्जुन खरगे ने केंद्र सरकार पर लगाए आरोप

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने रविवार को बीजेपी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने किसानों की समस्या को लेकर केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधा। खरगे ने कहा कि मोदी सरकार ने पिछले 10 वर्षों में किसानों और जवानों पर भारी चोट की है। साथ ही, उन्होंने मोदी सरकार आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि किसानों से केंद्र सरकार बता नहीं करना चाहती है।

पंजाब के समराला में 'कार्यकर्ता सम्मेलन' को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि पंजाब हमारे देश की आन-बान-शान है। किसान और जवान इस देश के मजबूत स्तंभ हैं। पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी ने 'जय जवान-जय किसान' का नारा दिया था। पंजाब देश की रक्षा के लिए कवच भी बनाता है और अन्न भी देता है।

मोदी सरकार पर कसा तंज

कांग्रेस नेता खरगे ने कहा कि मोदी सरकार ने पिछले 10 वर्षों में किसानों और जवानों पर भारी चोट की है। किसान तीन काले कानूनों के खिलाफ दिल्ली के बॉर्डर पर बैठे रहे, लेकिन उनसे बात तक नहीं की। आज तक उन कानूनों को रद्द करने का नोटिफिकेशन नहीं आया। इन कानूनों को रद्द करने के लिए लड़ते रहेंगे। ये नहीं करेंगे तो हमारी आने वाली सरकार इन काले कानूनों को ख़त्म कर देगी।

कांग्रेस के दिग्गज नेता खरगे ने आगे कहा कि मोदी सरकार ने एक तरफ किसानों को बर्बाद किया तो दूसरी तरफ 'अग्निवीर' लाकर जवानों को भी नहीं छोड़ा। डिफेंस के क्षेत्र में 30% भर्तियां खाली हैं, लेकिन फिर भी मोदी सरकार ने रेगुलर भर्तियां बंद कर दी हैं। हमें ऐसी BJP सरकार को सत्ता से उखाड़ फेंकना होगा।

आरएसएस पर लगाए आरोप

खरगे ने कहा कि RSS के लोग अंग्रेजों के एजेंट थे। इनके नेता खुलेआम कहते थे- अंग्रेजों की मदद करो, फ़ौज में भर्ती हो, अंग्रेजों की नौकरी करो। 'भारत छोड़ो आंदोलन' के समय ये गांधी जी और देश के साथ नहीं थे बल्कि अंग्रेजों की मदद कर रहे थे। क्या ऐसे लोग देशभक्त हो सकते हैं?

मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि मनमोहन सिंह जी दुनिया के बहुत बड़े अर्थशास्त्री माने जाते हैं। कल संसद में श्वेत पत्र पर चर्चा करते समय मोदी सरकार ने हमारे नेता मनमोहन सिंह जी की तारीफ की और यह माना कि उन्होंने देश के लिए बहुत काम किया है। बीजेपी सरकार ने पहली बार यह बात स्वीकार की है। हमें एक ऐसी सरकार चाहिए जो लोकतंत्र और संविधान का सम्मान करे, सभी को समानता का अधिकार दे।

बीजेपी पर लगाए आरोप

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार द्वारा बनाए गए एयरपोर्ट, पोर्ट और कारखानों को पीएम मोदी बेचते जा रहे हैं। पीएम मोदी की यह नीति, अमीर को और अमीर और गरीब को और गरीब बना रही है। इसलिए हमें ऐसी सरकार को उखाड़ फेंकना है और फिर से कांग्रेस की सरकार बनानी है।

Created On :   11 Feb 2024 4:23 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story