Bengal Election 2026: पीएम मोदी के झालमुड़ी वाले वीडियो को ममता बनर्जी ने बताया 'ड्रामा', कहा - 'SPG से बनवाई ताकि..'

डिजिटल डेस्क, कोलकाता। बंगाल विधानसभा में दो चरणों में मतदान हो रहा है। पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल जबकि दूसरे चरण का 29 अप्रैल को होगा। इस सियासी रण को जीतने के लिए सत्ता धारी टीएमसी और बीजेपी समेत अन्य विपक्षी दल एड़ी चोटी का जोर लगा रहे हैं। इसी क्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को राज्य में कई जगहों पर ताबड़तोड़ रैलियां की। इस बीच उन्होंने झाड़ग्राम में एक दुकान पर झालमुड़ी खाई, जिसका वीडियो देश भर में जमकर वायरल हो रहा है। उनके इस वीडियो सीएम ममता बनर्जी ने जमकर निशाना साधा है।
ममता ने बताया ड्रॉमा
ममता बनर्जी ने पीएम मोदी को घेरते हुए वायरल वीडियो को ड्रामा बताया। उन्होंने कहा कि दुकान में माइक लगा दिया गया, फिर एसपीजी से झालमुड़ी बनवाई गई, जिससे एक ड्रामा रचा जा सके। उन्होंने आगे कहा, चुनाव के वक्त कभी वो (पीएम नरेंद्र मोदी) गुफा में चले जाते हैं, कभी खुद को चायवाला बताते हैं! उन्होंने 10 रुपये देकर झालमुड़ी खाई, जरा सोचिए। वह झालमुड़ी पहले से ही उनके लिए तैयार की गई थी। यदि ऐसा नहीं था तो फिर दुकान के अंदर कैमरा क्यों लगाया गया था? उनसे पूछिए। सब नाटक है।
ममता बनर्जी यही नहीं रुकीं, उन्होंने कहा कि जहां भी वह रैली करते हैं, वहां लोगों को ट्रेनों से लाया जाता है। बाहर से भीड़ जुटाई जाती है। उनके पास बूथों पर तैनात करने के लिए कार्यकर्ता नहीं है। वे सरकारी एजेंसियों का इस्तेमाल प्रेशर बनाने के लिए करते हैं।
देखें पीएम मोदी का वायरल वीडियो...
यह भी पढ़े -बंगाल चुनाव सुवेंदु अधिकारी ने आई-पैक कर्मचारियों को नौकरी देने के ममता बनर्जी के वादे का उड़ाया मजाक
ईवीएम का जिक्र कर साधा निशाना
ममता बनर्जी ने पार्टी कार्यकर्ता को आगाह करते हुए कहा कि 3 हफ्तों के बाद टीएमसी की सरकार बनने वाली है, इसलिए ईवीएम पर कड़ी नजर रखें। केंद्रीय बलों को ईवीएम लूटने के काम में लगाया गया है। सावधान रहें। वोटों की गिनती के समय गडबड़ी हो सकती है। जरा भी पीछे न हटें..आपको आखिर तक लड़ना होगा।
Created On :   20 April 2026 6:58 PM IST












