Monsoon Session of Parliament 2025: 'दुख नहीं होता, शर्म नहीं आती, बुरा नहीं लगता..' संसद में मोदी सरकार पर बरसे उद्धव गुट सांसद, इंदिरा गांधी का जिक्र कर कही ये बात

- अरविंद सावंत ने पहलगाम हमले को लेकर केंद्र सरकार से पूछा तीखा सवाल
- किसके कहने पर भारत पाकिस्तान के बीच हुआ युद्ध विराम
- इंदिरा गांधी जैसे पाकिस्तान को सिखाए सबक
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। ऑपरेशन सिंदूर को लेकर मानसून सत्र में लगातार सवाल उठ रहे हैं। इस बीच सोमवार को मुंबई साउथ से शिवसेना (यूबीटी) के सांसद अरविंद सावंत ने केंद्र सरकार पर तीखा प्रहार किया है। इस दौरान उन्होंने सेना के पराक्रम को सलाम भी किया है। उन्होंने मोदी सरकार से प्रश्न किया कि किसके कहने पर भारत पाकिस्तान के बीच युद्ध विराम किया है? उन्होंने अपनी बात को मजबूती से रखते हुए कहा कि सेना के पास यही वक्त था कि पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर लेने का, इससे पाकिस्तान को सबक भी मिलता, जैसे पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने सबक सिखाया था। वैसी कार्रवाई करने के लिए देश को दौबारा जरूरत है।
पीएम मोदी अंग्रेजी में दे रहे थे भाषण
सांसद ने सवाल किया कि जब पहलगाम में पर्यटकों पर आतंकियों द्वारा हमले किए जा रहे थे, उस वक्त जवान क्यों तैनात नहीं थे? इसके साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि बिहार में वो जाकर अंग्रेजी में भाषण किया था, लेकिन पहलगाम जाने का टाइम नहीं है। उन्होंने मणिपुर हिंसा का जिक्र करते हुए कहा कि आज तक आप मणिपुर नहीं जा पाए हैं।
अरविंद सावंत ने कहा, "दुख नहीं होता, दर्द नहीं होता, शर्म नहीं आती, बुरा नहीं लगता? अगर पाकिस्तान युद्ध रोकने के लिए गिड़गिड़ा रहा था तो बिना शर्त युद्ध समाप्त क्यों किया? शर्तें लगानी चाहिए थीं? क्या शर्तें लगाई आपने?"
भारत का ईरान के साथ भी बिगड़ा रिश्ता
शिवसेना सांसद ने कहा, "माननीय प्रधानमंत्री जी, आपके साथ पूरे विश्व में एक राष्ट्र भी खड़ा नहीं रहा, जो ईरान कहता है कि हमसे तेल ले लो पैसे बाद में देना, उस ईरान के साथ भी हमारा रिश्ता बिगड़ गया। चीन हमारी सीमा में घुस रहा है। पाकिस्तान को चीन मदद कर रहा था। तुर्की मदद कर रहा था, ड्रोन दे रहा था। तीनों राष्ट्र एक साथ मिले हुए थे। एक भी राष्ट्र हमारे साथ क्यों नहीं खड़ा रहता? युद्ध के समय IMF पाकिस्तान को पैसे देता है।"
सावंत ने सरकार पर हमला करते हुए कहा कि पहलगाम हमले में जिन महिलाओं का सिंदूर छीना गया है, उन आतंकियों को अभी तक नहीं पकड़ पाए। अभी तक सरकार उन आतंकियों को नहीं पकड़ पाई तो क्या आपके दिल में कुछ नहीं होता?
सांसद ने ऑल पार्टी डेलीगेशन का जिक्र करते हुए कहा, "क्या उस राष्ट्र में हमारा सम्मान हुआ? क्या एक भी ज्वाइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस हुई? कोई नहीं आया। सब विफल है, ये दुख है हमारा। राष्ट्र की बात करते हैं तो हम आपके साथ हैं और आगे भी रहेंगे।"
Created On :   28 July 2025 7:40 PM IST