एमईएस पर प्रतिबंध की मांग को लेकर कन्नड़ समूहों ने 31 दिसंबर को बंद का किया आह्वान

- कन्नड़ और मराठी लोगों के बीच तनाव को बढ़ावा दे रहा एमईएस
- राज्य में अशांति पैदा कर रहा है एमईएस
डिजिटल डेस्क, बेंगलुरु। कन्नड़ संगठनों के महासंघ ने बुधवार को कर्नाटक में महाराष्ट्र एकीकरण समिति (एमईएस) पर प्रतिबंध लगाने की मांग को लेकर 31 दिसंबर को बंद का आहवान किया।
मीडिया से बात करते हुए एक कन्नड़ कार्यकर्ता, वाटल नागराज ने कहा कि एमईएस कन्नड़ और मराठी लोगों के बीच तनाव को बढ़ावा देकर राज्य में अशांति पैदा कर रहा है। नागराज ने कहा 31 दिसंबर को सुबह छह बजे से शाम छह बजे तक बंद रहेगा। हम कर्नाटक सरकार को 29 दिसंबर की मध्यरात्रि तक एमइएस पर प्रतिबंध लगाने की समय सीमा दे रहे हैं। यदि वे प्रतिबंध लगाने में विफल रहते, तो राज्य भर में एक बंद मनाया जाएगा। यह स्वाभिमान का सवाल है। किसी को भी इस बंद का विरोध नहीं करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि सरकार को केंद्र सरकार से महाराष्ट्र में राष्ट्रपति शासन लगाने का भी आग्रह करना चाहिए क्योंकि मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे उन तत्वों पर लगाम लगाने में विफल रहे हैं, जो कन्नड़ भाषी लोगों को निशाना बना रहे हैं। विभिन्न कन्नड़ संगठनों ने बंद को समर्थन दिया है। हालांकि, कर्नाटक रक्षा वेदिके के अध्यक्ष, नारायण गौड़ा ने कहा कि वे बंद का समर्थन नहीं करते हैं। लोग अभी-अभी कोविड-19 संक्रमण से उबर रहे हैं। बंद सभी समस्याओं का समाधान नहीं है। हम एमईएस के खिलाफ अलग तरीके से विरोध करेंगे।
(आईएएनएस)
Created On :   22 Dec 2021 5:30 PM IST