अखिलेश व राजभर में तकरार! ओम प्रकाश राजभर नहीं घुस पाएंगे समाजवादी पार्टी दफ्तर में? सपा कार्यालय के बाहर लगे होर्डिंग के क्या मायने?

अखिलेश व राजभर में तकरार! ओम प्रकाश राजभर नहीं घुस पाएंगे समाजवादी पार्टी दफ्तर में? सपा कार्यालय के बाहर लगे होर्डिंग के क्या मायने?
उत्तर प्रदेश सियासत अखिलेश व राजभर में तकरार! ओम प्रकाश राजभर नहीं घुस पाएंगे समाजवादी पार्टी दफ्तर में? सपा कार्यालय के बाहर लगे होर्डिंग के क्या मायने?

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव व सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने गठबंधन कर चुनाव लड़ा था। चुनाव प्रचार में दोनों साथ-साथ कई मंचों पर दिखे थे। लेकिन चुनाव परिणाम आने के बाद से ही ओम प्रकाश राजभर व सपा के बीच अनबन चल रही है। कई बार राजभर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के खिलाफ मीडिया के सामने बोलते देखे गए हैं। सियासत में अक्सर कहा जाता है कि कब साथ चाय पीने वाला बागी बन जाए व कब विपक्षी नेता साथ बैठने लगे, इस पर कुछ बोल पाना मुश्किल रहता है। अखिलेश व राजभर के साथ कुछ ऐसा ही सियासी ड्रामा चल रहा है। दोनों के बीच रिश्तों में इतनी कड़वाहट हो चुकी है कि लखनऊ में समाजवादी पार्टी कार्यालय के बाहर ओम प्रकाश राजभर का प्रवेश प्रतिबंधित वाला होर्डिंग लग गया है। ऐसे में सपा व सुभासपा के बीच तकरार देखने को मिल सकती है। 

इस वजह से राजभर नाराज

सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव पर अपनी पार्टी के नेताओं को तोड़ने का आरोप लगाते हुए तीखा हमला बोला था। उन्होंने एक वीडियो जारी करते हुए दावा किया था कि यह सपा की कोशिश का स्टिंग ऑपरेशन है। गौरतलब है कि राजभर सुभासपा के दो बागी नेताओं के सपा कार्यालय में पहुंचने के बाद भड़क उठे थे। उन्होंने अखिलेश पर हमला बोला था और आरोप लगाया था कि सुभासपा को खत्म करना चाहते हैं। आगे राजभर ने कहा कि अखिलेश हमें चुनाव से पहले सीट नहीं देना चाहते थे और अब हमारे नेताओं को तोड़ने की कोशिश में जुटे हैं। उन्होंने कहा कि अखिलेश को सपा विरासत में मिली है लेकिन मैंने अपनी पार्टी को कड़ी मेहनत व परिश्रम से खड़ा किया है। 

बेटे अरूण राजभर ने किया था स्टिंग ऑपरेशन

ओम प्रकाश राजभर के बेटे अरूण राजभर ने हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर करते हुए दावा किया था कि समाजवादी पार्टी सुभासपा को तोड़ने पर तुली हुई है। अरूण राजभर ने इसको लेकर स्टिंग ऑपरेशन किया था। इस वीडियो में सुभासपा का कटप्पा कहे जाने वाले महेंद्र राजभर को सपा कार्यालय से निकलते दिखाया गया था। अरूण राजभर ने खुद किसी रिपोर्टर की तरह महेंद्र राजभर के साथ भी एक वीडियो बनाया था। इस वीडियो में वह महेंद्र राजभर से कई सवाल पूछते हुए उनसे स्पष्टीकरण भी मांग रहे थे। सुभासपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रहे महेंद्र राजभर ने इस साल सितंबर में सुहेलदेव स्वाभिमान पार्टी नाम से अपनी अलग पार्टी बना ली थी। महेंद्र राजभर की गिनती न सिर्फ सुभासपा के कद्दावर नेताओं में होती थी बल्कि वह ओपी राजभर के रिश्ते मे समधी भी लगते हैं। 

सपा ने किया पलटवार 

ओमप्रकाश राजभर के सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर लगातार बयानबाजी को सपा ने अपने तरीके से पलटवार किया है। सपा कार्यालय के बाहर लगे होर्डिंग को भी इसी तौर पर देखा जा रहा है कि हालांकि मीडिया रिपोर्ट में यह खबर सामने आने के बाद सपा पार्टी कार्यालय के बाहर लगा ये होर्डिंग हटा लिया गया है।
 

Created On :   27 Dec 2022 8:11 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story