PM Modi: पीएम मोदी बोले- मौत का खेल खेलकर कोई मत नहीं पाता, दीवार पर लिखे ये शब्द पढ़ लेना

PM Modi: पीएम मोदी बोले- मौत का खेल खेलकर कोई मत नहीं पाता, दीवार पर लिखे ये शब्द पढ़ लेना

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बिहार विधानसभा और उपचुनावों में जीत के बाद दिल्ली में बीजेपी मुख्यालय में जश्न मनाया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा जश्न में शामिल हुए। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। पीएम मोदी ने कहा, चुनाव आते हैं, जय-पराजय होती है, कभी ये बैठेगा, कभी वो बैठेगा, लेकिन ये मौत का खेल लोकतंत्र में कभी नहीं चल सकता। मौत का खेल खेलकर कोई मत नहीं पाता है। ये दीवार पर लिखे शब्द पढ़ लेना। हम लोकतंत्र को समर्पित हैं।

बता दें कि नेशनल डेमोक्रेटिक अलायंस (NDA) ने बिहार में 125 सीटें हासिल कीं और महागठबंधन के नाम से जाने जाने वाले प्रमुख विपक्ष ग्रैंड अलायंस से आगे निकलते हुए 243 सदस्यीय सदन में 122 सीटों का जादुई आंकड़े को पार कर लिया। महागठबंधन 110 सीटों पर ही जीत हासिल कर पाया। वहीं 11 राज्यों की 59 सीटों पर हुए उपचुनाव में बीजेपी ने 40 सीटें जीती।

पीएम मोदी का संबोधन:
-
पीएम मोदी नेकहा, मैं आज आभार व्यक्त करता हूं महान देश की महान जनता का। मैं आज धन्यवाद अर्पित करता हूं देश के कोटि-कोटि नागरिकों का।

-धन्यवाद इसलिए नहीं कि उन्होंने चुनावों में भाजपा को इतनी बड़ी सफलता दी है, इसके तो वो हकदार हैं ही। धन्यवाद इसलिए क्योंकि लोकतंत्र के इस महान पर्व को हम सभी ने मिलकर बहुत उत्साह से मनाया है।

-चुनाव भले ही कुछ सीटों और कुछ क्षेत्रों पर हुआ हो लेकिन कल सुबह से लेकर देर रात तक पूरे देश की नजरें टीवी, सोशल मीडिया और चुनाव आयोग की वेबसाइट पर थीं। लोकतंत्र के प्रति हम भारतीयों की जो आस्था है उसकी मिशाल पूरी दुनिया में कहीं नहीं मिलती।

-कोरोना के इस संकट काल में ये चुनाव कराना आसान नहीं था। लेकिन हमारी लोकतांत्रिक व्यवस्थाएं इतनी सशक्त हैं, पारदर्शी हैं, कि इस संकट के बीच भी उन्होंने इतना बड़ा चुनाव कराकर दुनिया को भी भारत के ताकत की पहचान करा दी है।

-इन चुनाव परिणामों में भाजपा को NDA को अपार जनसमर्थन मिला है। इसके लिए भाजपा, NDA के लाखों कार्यकर्ता भाइयों-बहनों को जितनी बधाई दूं उतनी कम है। मैं हर कार्यकर्ता और उनके परिवार जनों को हृदय से बधाई देता हूं।

-भाजपा पूर्व में जीती, मणिपुर में कमल का झंडा फहरा दिया। भारतीय जनता पार्टी पश्चिम में जीती, गुजरात में जीती। भाजपा को उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में विजय प्राप्त हुई और भाजपा को दक्षिण में कर्नाटक-तेलंगाना में सफलता मिली।

-21वीं सदी के भारत के नागरिक, बार-बार अपना संदेश स्पष्ट कर रहे हैं। अब सेवा का मौका उसी को मिलेगा, जो देश के विकास के लक्ष्य के साथ ईमानदारी से काम करेगा। हर राजनीतिक दल से देश के लोगों की यही अपेक्षा है कि देश के लिए काम करो, देश के काम से मतलब रखो।

-देश का विकास, राज्य का विकास, आज सबसे बड़ी कसौटी है और आने वाले समय में भी यही चुनाव का आधार रहने वाला है। जो लोग ये नहीं समझ रहे, इस बार भी उनकी जगह-जगह जमानत जब्त हो गयी है।

-आज देश, भारतीय जनता पार्टी पर जो स्नेह दिखा रहा है, एनडीए पर जो स्नेह दिखा रहा है उसकी सबसे बड़ी वजह यही है कि भाजपा ने, एनडीए ने देश के विकास को, लोगों के विकास को अपना सर्वोपरि लक्ष्य बनाया हुआ है। हम हर वो काम करेंगे जो देश को आगे ले जाए।

-ये भाजपा ही है जिसके लिए जनता जनार्दन का स्नेह बढ़ता ही जा रहा है। लोकसभा चुनाव में पार्टी ने पहले से ज्यादा सीटें जीतकर सरकार में अपनी वापसी की। बिहार में 3 बार सरकार में रहने के बाद भाजपा ही एकमात्र पार्टी है, जिसकी सीटों में बढ़ोतरी हुई।

-भाजपा की सफलता के पीछे उसका governance मॉडल है। जब लोग governance के बारे में सोचते हैं, तो भाजपा के बारे में सोचते हैं। भाजपा सरकारों की पहचान ही है - Good Governance.

-गुजरात में भाजपा 90 के दशक से है और वहां भी इन उपचुनावों में पार्टी ने सभी सीटें जीतकर दिखाई। मध्य प्रदेश में भी भाजपा ने सीटें जोड़ी है, जबकि वहां भी हमारी सरकार इतने वर्षो से हैं। यानि देश के लोग भाजपा को ही बार बार मौका दे रहे हैं, भाजपा पर ही सबसे ज्यादा विश्वास कर रहे हैं।

-बिहार तो सबसे खास है। अगर आज आप मुझे बिहार के चुनाव नतीजों के बारे में पूछेंगे तो मेरा जवाब भी जनता के जनादेश की तरह साफ है- बिहार में सबका साथ-सबका विकास, सबका विश्वास के मंत्र की जीत हुई है।

-बिहार में विकास के कार्यों की जीत हुई है। बिहार में सच जीता है, विश्वास जीता है ! बिहार का युवा जीता है, माताएं-बहनें-बेटियां जीती हैं! बिहार का गरीब जीता है, किसान जीता है! ये बिहार की आकांक्षाओं की जीत है, बिहार के गौरव की जीत है।

-मैं बिहार के अपने भाइयों और बहनों से कहूंगा, आपने एक बार फिर सिद्ध किया है कि बिहार क्यों लोकतंत्र की ज़मीन कहा जाता है।
आपने फिर सिद्ध किया है कि वाकई, बिहारवासी पारखी भी हैं और जागरूक भी।

-हम सभी भाजपा के कार्यकर्ता, नीतीश जी के नेतृत्व में NDA के कार्यकर्ता, हर बिहारवासी के साथ, इस संकल्प को सिद्ध करने में कोई कसर बाकी नहीं रखेंगे।

-21वीं सदी का भारत, एक नए मिजाज का भारत है। न हमें आपदाएं रोक सकती हैं और न ही बड़ी-बड़ी चुनौतियां। मैं एक नए भारत के उदय को देख रहा हूं। एक ऐसा भारत, जो आत्मविश्वास से भरा हुआ है, जो अपने सामर्थ्य को पहचानता है, जो अपने लक्ष्यों के प्रति सचेत है।

-दुर्भाग्य से कश्मीर से कन्याकुमारी तक परिवारवादी पार्टियों का जाल लोकतंत्र के लिए खतरा बनता जा रहा है। ये देश का युवा भली-भांति जानता है। परिवारों की पार्टियां या परिवारवादी पार्टियां, लोकतंत्र के लिए सबसे बड़ा खतरा हैं।

-ऐसे में भारतीय जनता पार्टी का दायित्व और बढ़ जाता है। हमें अपनी पार्टी में भीतर के लोकतंत्र को मजबूत बनाएं रखना है। हमें अपनी पार्टी को जीवंत लोकतंत्र का जीता-जागता उदाहरण बनाना है। पार्टी हर कार्यकर्ता और हर नागरिक के लिए अवसरों का एक बेहतरीन मंच बने।

-देश के युवाओं से मेरा आह्वान है, वो आगे आएं और बीजेपी के माध्यम से देश की सेवा में जुट जाएं। अपने सपनों को साकार करने के लिए, अपने संकल्पों को सिद्ध करने के लिए, कमल को हाथ में लेकर चल पड़ें।

Created On :   11 Nov 2020 12:58 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story