PM Modi on Delhi blasts: 'जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खो दिया..', दिल्ली कार ब्लास्ट पर पीएम मोदी ने जताया दुख

जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खो दिया.., दिल्ली कार ब्लास्ट पर पीएम मोदी ने जताया दुख
देश की राजधानी दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए धमाके में 11 लोगों की मौत हो गई और 2 दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए। इस दर्दनाक हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दुख जताया।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए धमाके में 11 लोगों की मौत हो गई और 2 दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए। इस दर्दनाक हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दुख जताया। उन्होंने पीड़ितों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द ठीक होने की कामना की।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "आज शाम दिल्ली में हुए ब्लास्ट में जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खो दिया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं। घायल लोग जल्द से जल्द ठीक हों। प्रभावित लोगों की अधिकारी मदद कर रहे हैं। मैंने गृह मंत्री अमित शाह और अन्य अधिकारियों से स्थिति की जानकारी ली।"

केंद्रीय मंत्री अमित शाह से की बात

इससे पहले, प्रधानमंत्री मोदी ने गृह मंत्री अमित शाह से फोन पर बात कर स्थिति की जानकारी ली। वहीं, अमित शाह ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर सतीश गोलचा से बात कर घटना की जानकारी ली। गृह मंत्री शाह ने आईबी चीफ से भी बात कर पूरे मामले की जानकारी ली और राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसी (एनआईए) के डीजी को एनआईए की टीम भेजने को कहा।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जताया दुख

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक्स पोस्ट में लिखा, "दिल्ली में कार ब्लास्ट की घटना बहुत दुखद और परेशान करने वाली है। दुख की इस घड़ी में मैं मृतकों के परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। घायलों के जल्द ठीक होने की प्रार्थना करता हूं।"

दिल्ली पुलिस कमिश्नर सतीश गोलचा ने घटना के बारे में बताया कि सोमवार शाम 6.52 बजे लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास चलती में कार में धमाका हुआ। आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास खड़ी 3 और गाड़ियां बुरी तरह जल गईं। बता दें कि इस हादसे में अब तक 11 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 24 लोग घायल बताए जा रहे हैं जिनका जयप्रकाश नारायण अस्पताल में इलाज चल रहा है।

Created On :   10 Nov 2025 10:31 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story