Pune City News: रुपाली ठोंबरे पाटिल को राष्ट्रवादी का बड़ा झटका, प्रवक्ता पद से हटाया गया

रुपाली ठोंबरे पाटिल को राष्ट्रवादी का बड़ा झटका, प्रवक्ता पद से हटाया गया
खुलासे से पहले ही पार्टी की कार्रवाई

भास्कर न्यूज, पुणे। राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रुपाली चाकणकर की आलोचना करना राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजित पवार गुट) की प्रवक्ता रुपाली ठोंबरे पाटिल को भारी पड़ गया। पार्टी ने उनके खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें प्रवक्ता पद से हटा दिया है। खास बात यह है कि पार्टी ने यह निर्णय उनके स्पष्टीकरण से पहले ही लिया है।

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने हाल ही में अपने 17 नए प्रवक्ताओं की सूची जारी की है, जिसमें रुपाली ठोंबरे पाटिल, विधायक अमोल मिटकरी और वैशाली नागवड़े के नाम शामिल नहीं हैं। इनकी जगह हेमलता पाटिल और प्रतिभा शिंदे को प्रवक्ता की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नई सूची में अनिल पाटिल, चेतन तुपे, सना मलिक, राजीव साबले, सायली दलवी, रूपाली चाकणकर, आनंद परांजपे, राजलक्ष्मी भोसले, प्रशांत पवार, शशिकांत तरंगे, बृजमोहन श्रीवास्तव, अविनाश आदिक, सूरज चव्हाण, विकास पासलकर और श्याम सानेर के नाम शामिल हैं।

डॉ. संपदा मुंडे आत्महत्या प्रकरण में राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रुपाली चाकणकर के रुख की आलोचना करते हुए रुपाली ठोंबरे पाटिल ने उनके इस्तीफे की मांग की थी। इसे पार्टी ने अनुशासनहीनता मानते हुए उन्हें नोटिस जारी कर सात दिन के भीतर जवाब देने को कहा था। हालांकि, निर्धारित समयसीमा से पहले ही पार्टी ने उनका प्रवक्ता पद छीन लिया।

बताया जाता है कि दो दिन पहले ही रुपाली ठोंबरे पाटिल ने उपमुख्यमंत्री अजित पवार से मुलाकात की थी और मीडिया के समक्ष कहा था कि उन्होंने अपना पक्ष रखा है तथा आवश्यक सबूत भी प्रस्तुत किए हैं। बावजूद इसके, अगले ही दिन उन्हें पद से हटा दिया गया।

अब यह देखना दिलचस्प होगा कि रुपाली ठोंबरे पाटिल इस कार्रवाई के बाद क्या रुख अपनाती हैं - पार्टी में बनी रहती हैं या कोई नया राजनीतिक कदम उठाती हैं।

Created On :   10 Nov 2025 6:33 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story