Pune City News: 32 साल से बिना डिग्री इलाज करने वाला फर्जी डॉक्टर गिरफ्तार

32 साल से बिना डिग्री इलाज करने वाला फर्जी डॉक्टर गिरफ्तार
स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई की और खडक पुलिस थाने में मामला दर्ज किया

भास्कर न्यूज, पुणे। भवानी पेठ इलाके में अवैध रूप से क्लिनिक चलाने वाले एक फर्जी डॉक्टर को गिरफ्तार किया है। आरोपी प्रमोद राजाराम गुंडू (57) पिछले 32 साल से बिना मेडिकल डिग्री के इलाज कर रहा था। मई महीने में उसके खिलाफ मामला दर्ज हुआ था, जिसके बाद से वह फरार था। गुंडू ने कभी भी किसी मेडिकल कॉलेज से पढ़ाई नहीं की और न ही मेडिकल काउंसिल में अपना पंजीकरण कराया था। इसके बावजूद वह कासेवाड़ी इलाके में पिछले कई वर्षों से इलाज का व्यवसाय कर रहा था। मई में स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई की थी और खडक पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया था। गुंडू ने पहले शिवाजीनगर सत्र न्यायालय से अग्रिम जमानत मांगी, जो खारिज हो गई। इसके बाद उसने उच्च न्यायालय में भी अपील की, लेकिन वहां से भी राहत नहीं मिली। अंततः वह फरार हो गया। अब खडक पुलिस के उपनिरीक्षक जयसिंग दाढे और उनकी टीम ने उसे गिरफ्तार किया।

पुलिस ने बताया कि जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि वह फरारी के दौरान कहां छिपा था और उसे किसने पनाह दी। अदालत ने उसे 10 नवंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है। महानगर पालिका ने बताया कि शहर में इस तरह के फर्जी डॉक्टरों पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है और बिना डिग्री इलाज करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Created On :   10 Nov 2025 6:34 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story