राष्ट्रपति पद के लिए यूपी सीएम ने डाला वोट, मंत्री, विधायकों की भी बारी

UP CM casts vote for Presidents post, ministers, MLAs also turn
राष्ट्रपति पद के लिए यूपी सीएम ने डाला वोट, मंत्री, विधायकों की भी बारी
राष्ट्रपति चुनाव 2022 राष्ट्रपति पद के लिए यूपी सीएम ने डाला वोट, मंत्री, विधायकों की भी बारी

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। देश के 15वें राष्ट्रपति के लिए यूपी के विधान भवन में मतदान शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधान भवन के तिलक हॉल में अपना वोट डाला। इसके अलावा प्रदेश सरकार के मंत्री और विधायक अपनी बारी में वोट डालने का इंतजार कर रहे हैं।

राष्ट्रपति चुनाव में पहला मत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दूसरा मत संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना और तीसरा मत विधायक धीरेंद्र सिंह ने किया। उसके बाद मतदान का सिलसिला लगातार जारी है। भाजपा, सपा, अपना दल (एस) आदि दलों के विधायक डाल रहे हैं वोट।

विधान भवन के मुख्य भवन से नवीन भवन स्थित तिलक हाल की ओर जाने वाले ब्रिज पर मतदान के लिए प्रतीक्षा कर रहे विधायकों की लाइन लगी है। गन्ना मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण, भाजपा विधायक राजेश्वर सिंह, शलभ मणि त्रिपाठी, सपा विधायक अभय सिंह, राकेश प्रताप सिंह मतदान के लिए लाइन में लगे हैं।

मुख्यमंत्री योगी ने ट्वीट कर कहा कि आज राष्ट्रपति चुनाव-2022 में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करते हुए लखनऊ में मतदान किया। भारत का महान लोकतंत्र और अधिक सशक्त हो, प्रभु श्रीराम से यही कामना है।

उधर सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के साथ वोट करने के लिए पहुंचे। उन्होंने राजग उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को समर्थन देने की बात कही थी। वह सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से नाराज बताए जा रहे हैं। सपा अध्यक्ष ने विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को समर्थन देने का एलान किया था पर बैठक में राजभर को आमंत्रित नहीं किया।

सुभासपा के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि सपा से नाराजगी की कई वजहें हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति चुनाव में ना तो यूपीए के प्रत्याशी ने उनसे वोट मांगा ना ही यूपीए के किसी नेता ने उनसे वोट मांगा है। उन्होंने कहा कि एनडीए के उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने उनसे मत एवं समर्थन मांगा है इसलिए वह और उनके दल के सभी विधायकों के साथ द्रौपदी मुर्मू के पक्ष में मतदान करेंगे।

समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखलिेश यादव ने राष्ट्रपति चुनाव के लिए वोट डालने से पहले कहा कि मैं यशवंत सिन्हा के लिए मतदान करूंगा। देश में कोई ऐसा भी होना चाहिए जो समय समय पर देश की आर्थिक हालात के बारे में सरकार को बता सके। हम सभी श्रीलंका के हालात देख रहे हैं। ऐसे में हमें सोच समझकर काम करने की जरूरत है।

मायावती ने ट्वीट कर कहा कि बसपा ने दलगत राजनीति से ऊपर उठकर तथा पार्टी व मूवमेन्ट की सोच के मुताबिक ही आदिवासी समाज की महिला द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति पद के लिए सबसे पहले अपना समर्थन देने की घोषणा की है। कमजोर वर्गों के अन्य लोगों से भी उन्हें आज अपनी अन्तरात्मा के आधार पर वोट देने की अपील की।

राष्ट्रपति चुनाव के मतदान के लिए भारत निर्वाचन आयोग ने केंद्र सरकार के उद्योग संवर्धन और आंतरिक व्यापार विभाग के अपर सचिव राजीव सिंह ठाकुर को प्रेक्षक नियुक्त किया है। राष्ट्रपति के चुनाव के लिए सहायक रिटनिर्ंग अफसर व पीठासीन अधिकारी बृजभूषण दुबे को नियुक्त किया गया है। राष्ट्रपति चुनाव के मद्देनजर लखनऊ में विधानसभा के बाहर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है।

ज्ञात हो कि राष्ट्रपति चुनाव के लिए भाजपा गठबंधन के पास वोटों की बड़ी संख्या है। इसके बावजूद पार्टी चाहती है कि एक भी वोट खराब न हो, ताकि विपक्षी प्रत्याशी यशवंत सिन्हा से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू की जीत का अंतर अधिक से अधिक रहे। पिछले चुनाव में हुई गलतियों से सबक लेते हुए शनिवार और रविवार को मॉकड्रिल हुआ और प्रशिक्षण भी दिया गया।

गौरतलब है कि यूपी के 403 विधायकों के मत का कुल मत मूल्य 83,824 है। प्रदेश में एनडीए के 273 विधायक हैं। सुभासपा, जनसत्ता दल लोकतांत्रिक, बसपा और सपा विधायक शिवपाल यादव ने भी एनडीए की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को समर्थन की घोषणा की है। ऐसे में द्रौपदी मुर्मू को एनडीए के 273, सुभासपा के 6, जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के 2, बसपा के एक और शिवपाल यादव सहित कुल 283 मत मिलना तय है।

 

आईएएनएस

डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ bhaskarhindi.com की टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.

Created On :   18 July 2022 7:00 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story