पंजाब को बनाएंगे देश का सबसे सुरक्षित राज्य

Will make Punjab the safest state of the country
पंजाब को बनाएंगे देश का सबसे सुरक्षित राज्य
भगवंत मान पंजाब को बनाएंगे देश का सबसे सुरक्षित राज्य

डिजिटल डेस्क, चंडीगढ़। आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार भगवंत मान ने राज्य की लचर कानून-व्यवस्था और बेअदबी की घटनाओं पर कहा कि कांग्रेस की कमजोर सरकार और कुर्सी के लिए कांग्रेस नेताओं के आपसी लड़ाई-झगड़े के कारण राज्य की कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब हुई है।

बुधवार को मान ने कहा कि, चन्नी सरकार इतनी कमजोर और अस्थिर सरकार है कि उसने 111 दिनों में 4 बार डीजीपी और दो बार एजी बदले। अकाली-भाजपा सरकार ने पुलिस-प्रशासन में जिस तरह भ्रष्टाचार किया, कांग्रेस सरकार ने उसको और आगे बढ़ाया। पिछली दोनों अकाली-कांग्रेसी सरकारें बेहद भ्रष्ट, अस्थिर और कमजोर थीं। इसीलिए पंजाब में कई बार बेअदबी और बम ब्लास्ट की घटनाएं हुईं एवं लोगों के बीच तनाव का माहौल पैदा हुआ।

मान ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार पंजाब को एक स्थिर, ईमानदार और मजबूत सरकार देगी। पंजाब की अमन-शांति और भाईचारा कायम करना हमारी पहली प्राथमिकता होगी। आप सरकार सभी बेअदबी की घटनाओं के दोषियों और मास्टरमाइंडों को सख्त सजा देगी और सीमा पार से होने वाली घुसपैठ भी रोकेगी। हम पुलिस को कानून व्यवस्था बनाए रखने और कार्रवाई करने की पूरी छूट देंगे। कानून-व्यवस्था मजबूत कर हम पंजाब को देश का सबसे सुरक्षित राज्य बनाएंगे।

मान ने कहा कि नशा मुक्त पंजाब बनाने के लिए आप सरकार एक स्वतंत्र ड्रग टास्क फोर्स का गठन करेगी। यह फोर्स राजनीतिक दबाव और हस्तक्षेप से पूरी तरह मुक्त होगा। मान ने कहा कि आज पुलिस के जवान जनता की सुरक्षा के बजाए नेताओं-मंत्रियों और उनके परिवारों की सुरक्षा मे लगे रहते हैं। विधायकों- मंत्रियों के बच्चों को स्कूल छोड़ने से लेकर सैर कराने तक का काम पुलिस के जवान करते हैं। इसके कारण थाने में और नाकों पर पुलिस की भारी कमी है, लेकिन नेताओं के आगे-पीछे पुलिस की भारी मौजूदगी होती है।

हम पुलिस से पुलिस का काम करवाएंगे। पंजाब पुलिस के जवानों को नेताओं-मंत्रियों की सुरक्षा के बजाय जनता की सुरक्षा में तैनात करेंगे। बेरोजगार नौजवानों और कच्चे कर्मचारियों के मुद्दे पर बोलते हुए मान ने कहा कि मार्च 2022 के बाद नौजवानों और कर्मचारियों को धरना-प्रदर्शन, पुलिस की लाठियों और परेशानियों से मुक्ति मिलेगी। हम नौजवानों को पंजाब में ही नौकरी के पर्याप्त अवसर और संसाधन मुहैया कराएंगे और कर्मचारियों की सभी समस्याएं दूर करेंगे।

(आईएएनएस)

Created On :   26 Jan 2022 1:30 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story