Punjab politics: 'पंजाब में लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति खराब, खुलेआम धमकी दे रही गैंगस्टर', भगवंत मान सरकार पर भड़के कांग्रेस अध्यक्ष

पंजाब में लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति खराब, खुलेआम धमकी दे रही गैंगस्टर, भगवंत मान सरकार पर भड़के कांग्रेस अध्यक्ष
पंजाब में विश्नोई गैंग की ओर से पूर्व डिप्टी चीफ मिनिस्टर सुखजिंदर सिंह रंधावा, बलकौर सिंह, सिद्धू मूसेवाला के पिता और एक सिंगर को जान से मारने की धमकी दी गई है। इसे लेकर सूबे की सियासत गरमा गई है।

डिजिटल डेस्क, चंडीगढ़। पंजाब में विश्नोई गैंग की ओर से पूर्व डिप्टी चीफ मिनिस्टर सुखजिंदर सिंह रंधावा, बलकौर सिंह, सिद्धू मूसेवाला के पिता और एक सिंगर को जान से मारने की धमकी दी गई है। इसे लेकर सूबे की सियासत गरमा गई है। इसे लेकर पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वारिंग ने मंगलवार को आम आदमी पार्टी की भगवंत मान सरकार पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने प्रदेश की लॉ एंड ऑर्डर पर सवाल उठाए।

अमरिंदर सिंह राजा वारिंग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट करके पंजाब सरकार पर आरोप लगाया कि राज्य में गैंगस्टरों को कानून से बिना बताए छूट मिली हुई है, जिसके चलते वे खुलेआम बड़े नेताओं और मशहूर हस्तियों को जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं।

पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अपने पोस्ट में लिखा, "क्योंकि गैंगस्टर्स को कानून से बिना बताए छूट मिली हुई है, इसलिए उनमें पंजाब के पूर्व डिप्टी चीफ मिनिस्टर सुखजिंदर सिंह रंधावा, बलकौर सिंह, सिद्धू मूसेवाला के पिता और एक और जाने-माने सिंगर को खुलेआम धमकी देने की हिम्मत है।"

उन्होंने आगे लिखा, "हालांकि हमें सरकार से कोई उम्मीद नहीं है, लेकिन हमें अपनी पंजाब पुलिस से कुछ उम्मीदें हैं। यह उसकी क्रेडिबिलिटी, हिम्मत और बहादुरी के लिए भी एक चुनौती है कि गैंगस्टर्स में इतनी हिम्मत है कि वे जिसे चाहें उसे धमकी दें/मार दें। यह मंजूर नहीं है।"

दरअसल, कथित तौर पर जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और उसके साथियों के द्वारा सोशल मीडिया पर कई धमकी भरे पोस्ट डलवाए हैं, जिनके वायरल होने के बाद पूरे पंजाब में दहशत का माहौल है। पंजाब के मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस इसे लेकर भगवंत मान सरकार पर हमलावर है। कांग्रेस ने 'आप' सरकार पर प्रदेश में लॉ एंड ऑर्डर न बनाए रखने का आरोप लगाया। पार्टी ने इसे भगवंत मान सरकार की 'पूर्ण नाकामी' करार दिया है। वहीं, दूसरी तरफ आम आदमी पार्टी ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है।



Created On :   18 Nov 2025 10:59 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story