लोकसभा चुनाव 2024: नीतीश कुमार ने जेडीयू में किए फेरबदल, नई कार्यकारिणी गठित

नीतीश कुमार ने जेडीयू में किए फेरबदल, नई कार्यकारिणी गठित
  • जेडीयू अध्यक्ष बनने के बाद नीतीश की बड़ी कार्यवाही
  • ललन सिंह की बनाई राष्ट्रीय कार्यकारिणी में छंटनी
  • लोकसभा चुनाव के चलते फोकस

डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपनी पार्टी में कई बड़े फेरबदल कर दिए है। जनता दल यूनाईटेड पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष की कमान संभालने के बाद नीतीश कुमार की आगामी लोकसभा चुनाव से पहले बड़ी कार्यवाही मानी जा रही है। राजनीतिक गलियारों में इसे चुनावी तैयारी भी माना जा रहा है। नीतीश कुमार ने जेडीयू के पूर्व अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह की बनाई राष्ट्रीय कार्यकारिणी में बदलाव किए हैं। नीतीश ने पार्टी के वरिष्ठ नेता नारायण सिंह और केसी त्यागी का कद और पद दोनों में इजाफा किया है। जेडीयू अध्यक्ष नीतीश कुमार ने बिहार में जदयू के पूर्व अध्यक्ष, राज्यसभा सांसद और पार्टी के वरिष्ठ नेता वशिष्ठ नारायण सिंह को पार्टी का उपाध्यक्ष बनाया है। जबकि पूर्व सांसद केसी त्यागी को राजनीतिक सलाहकार और राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता बनाया गया है।

आपको बता दें जेडीयू की नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी में कुल 22 नाम हैं। राज्यसभा के सांसद रामनाथ ठाकुर और संजय कुमार झा को महासचिव बनाया गया है। बिहार सरकार से एकमात्र मंत्री संजय कुमार झा को राष्टीय कार्यकारिणी में शामिल किया गया है। इनके अलावा पूर्व सांसद मंगनी लाल मंडल, पूर्व केंद्रीय मंत्री मोहम्मद अली अशरफ फातमी, विधान पार्षद आफाक अहमद खान, बिहार सरकार के पूर्व मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा, पूर्व मंत्री रामसेवक सिंह, राज्यसभा की पूर्व सांसद और राज्य महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष का कहकशां परवीन, विधान पार्षद कपिल हरिशचंद्र पाटिल, राज सिंह मान और पूर्व विधायक सुनील कुमार उर्फ इंजीनियर सुनील को भी राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है।

लोकसभा सांसद डॉ. आलोक कुमार सुमन को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं विद्यासागर निषाद, राजीव रंजन प्रसाद, अनुप लाल, दयानंद राय, संजय कुमार और मो. निसार को सचिव की जिम्मेदारी दी गई। वहीं पूर्व विधायक राजीव रंजन को प्रवक्ता की जिम्मेदारी दी गई है।

Created On :   20 Jan 2024 8:42 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story