पहलगाम आतंकी हमला: 'खड़गे का बयान शर्मनाक...सेना का मनोबल गिराने वाला', खड़गे पर भड़के बाबूलाल मरांडी

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पहलगाम हमले को लेकर जहां भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ गया है। वहीं, इस पर देश में जमकर सियासी बयानबाजी हो रही है। इसी बीच झारखंड प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और राज्य विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के पहलगाम आतंकी हमले को लेकर रांची में दिए गए बयान को शर्मनाक बताया है।
केंद्र पर लगाए अनर्गल आरोप
मरांडी ने कहा कि कांग्रेस की ‘संविधान बचाओ रैली’ में खड़गे ने केंद्र सरकार पर अनर्गल और आधारहीन आरोप लगाए हैं। उनका यह वक्तव्य अनर्गल है कि केंद्र सरकार को तीन दिन पहले से हमले की जानकारी थी और उन्हें इंटेलिजेंस रिपोर्ट पहले ही मिल गई थी। शायद कांग्रेस के समय में सिस्टम ऐसे ही काम करता होगा, तभी ऐसी घटनाएं आम थीं।
शर्मनाक बयानबाजी के लिए माफी मांगें
मरांडी ने कहा कि खड़गे जी वरिष्ठ और सम्माननीय नेता हैं, लेकिन जब वे भी कांग्रेस की ओछी राजनीति का हिस्सा बन रहे हैं, तो उन्हें यह साबित करना होगा कि आखिर उन्होंने यह खबर किस अखबार में पढ़ी और किन ‘सूत्रों’ की बात कर रहे हैं। अगर वे इसे साबित नहीं कर सकते, तो उन्हें केंद्र सरकार और देश की जनता से अपनी इस शर्मनाक बयानबाजी के लिए माफी मांगनी होगी।
भाजपा नेता ने आगे कहा कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद ऐसे समय में जब पूरी दुनिया व्यथित है, तब खड़गे जी का गैर जिम्मेदाराना बयान सेना और सुरक्षा एजेंसियों का मनोबल तोड़ने और एक तरह से पाकिस्तान को मदद करने वाला प्रयास कहा जाएगा।
अब भारत घर में घुसकर मारता है
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने देश में कांग्रेस की सरकार के वक्त दिल्ली, मुंबई, हैदराबाद, बेंगलुरु, वाराणसी समेत देश के कई हिस्सों में सीरियल बम धमाकों जैसी घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि आज का भारत ऐसी घटनाओं के मामले में मुंहतोड़ जवाब देता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के काल में भारत अब पाकिस्तान को उसके घर में घुसकर मारता है। सर्जिकल स्ट्राइक और बालाकोट एयर स्ट्राइक मोदी जी के नेतृत्व में सेना के शौर्य और पराक्रम के उदाहरण हैं।
भ्रम फैला रहे कांग्रेस नेता
मरांडी ने कांग्रेस पर ‘संविधान बचाओ रैली’ के जरिए भ्रम फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सर्वदलीय बैठक के बाद इनके नेता सार्वजनिक रूप से कहते हैं कि वे केंद्र सरकार के हर फैसले में साथ हैं और पीठ पीछे 'संविधान बचाओ रैली' कर पूरे देश में भ्रम फैला रहे हैं। जिस समय पूरे देश को एकजुट रहने की जरूरत है, उस समय कांग्रेस झूठ और अफवाह फैलाकर देश के भीतर दरार पैदा कर रही है।
Created On :  


