बिहार विधानसभा चुनाव 2025: पीएम मोदी और उनकी मां पर बनी क्लिप ने गरमाया सियासी माहौल, कांग्रेस के AI वीडियो पर बीजेपी ने किया पलटवार

पीएम मोदी और उनकी मां पर बनी क्लिप ने गरमाया सियासी माहौल, कांग्रेस के AI वीडियो पर बीजेपी ने किया पलटवार
  • कांग्रेस के एआई वीडियो से सियासी माहौल गरम
  • बीजेपी नेताओं ने बताया मां का अपमान
  • कांग्रेस नेता ने कहा नसीहत देना माता-पिता का कर्तव्य

डिजिटल डेस्क, पटाना। बिहार विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के एआई वीडियो ने सियासी माहौल गरमा दिया है। कांग्रेस के वीडियो पर बीजेपी हमलावर है। बिहार कांग्रेस द्वारा पोस्ट किए गए एक AI-जनरेटेड वीडियो पर, जिसमें कथित तौर पर प्रधानमंत्री मोदी और उनकी दिवंगत मां जैसे दो किरदार दिखाई दे रहे हैं, उस पर भाजपा नेता तरुण चुघ ने कहा, "कांग्रेस ने जिस प्रकार प्रधानमंत्री मोदी की दिवंगत माताजी का अपमान किया है, वह दुर्भाग्यपूर्ण है। यह पूरे भारतीय समाज की संवेदना और मातृ शक्ति का अपमान है। चुनावी राजनीति में सहमति और असहमति स्वीकार है लेकिन दिवंगत माताजी का अपमान करना कांग्रेस की मानसिकता को उजागर करता है। कांग्रेस के पास मुद्दों पर बहस करने के लिए कोई तर्क नहीं बचा है।

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने AI-जनरेटेड वीडियो को लेकर कहा जो लोग इस तरह का काम कर रहे हैं वे फ्रॉड और चरित्रहीन हैं।

कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने बिहार कांग्रेस द्वारा पोस्ट किए गए AI-जनरेटेड वीडियो में कथित तौर पर पीएम मोदी और उनकी दिवंगत मां जैसे दिखने वाले दो किरदारों पर कहा इसमें अपमान कहां है? नसीहत देना माता-पिता का कर्तव्य होता है। ये बार-बार हर चीज को मुद्दा बनाना और छुईमुई बनकर राजनीति करना सिर्फ पीएम मोदी को आता है हमें तो नहीं आता है।

आपको बता दें बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से ठीक पहले बिहार कांग्रेस इकाई ने एक विवादित AI जनित वीडियो साझा किया है, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी दिवंगत माता हीराबेन मोदी को एक स्वप्न-रूप संवाद (dream‐like exchange) में दिखाया गया है। वीडियो लगभग 36 सेकंड का है और यह क्लिप सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट की गई है, साथ ही इसे “AI GENERATED” टैग किया गया है। इस पोस्ट के कैप्शन में लिखा है: “Maa appears in sahab’s dreams”। इस घटना ने राजनीतिक तापमान बढ़ा दिया है, क्योंकि भाजपा ने इसे व्यक्तिगत संवेदनाएँ ठेस पहुँचाने वाला और चुनावी रणनीति का हिस्सा बताया है।

विवाद उस समय शुरू हुआ जब बिहार कांग्रेस ने ‘AI जनित’ वीडियो पोस्ट किया जिसमें एक आदमी (जो मोदी से मिलता-जुलता दिखाया गया है) और एक बुजुर्ग महिला (हीराबेन मोदी की तरह) के बीच संवाद है। वीडियो में माँ का चरित्र स्वप्न जैसा प्रतीत होता है, और संदेश यह है कि माँ साहब (मोदी) के सपनों में आती है। कांग्रेस के एआई वीडियो पर भाजपा ने तुरंत प्रतिक्रिया देते हुए वीडियो को निजी सम्मान के लिए अपमानजनक संवेदनशील परिवारिक प्रतीकों को राजनीतिक हथियार बनाने के तौर पर आलोचना की गई।

पीएम मोदी की मां का अपमान कर रही है कांग्रेस- शहजाद पूनावाला

भाजपा नेता शहजाद पूनावाला ने बिहार कांग्रेस द्वारा पोस्ट किए गए AI-जनरेटेड वीडियो में कथित तौर पर पीएम मोदी और उनकी दिवंगत मां जैसे दिखने वाले दो किरदारों पर कहा, "मां का अपमान, मातृशक्ति और नारी का अपमान यही कांग्रेस की पहचान बन चुकी है। कांग्रेस ने पीएम मोदी और उनकी मां को अपशब्द कहे तथा उस पर माफी मांगने के बदले राहुल गांधी के इकोसिस्टम ने उसे जस्टिफाई किया। उन्होंने उसे बचाने का प्रयास किया जिसने अपशब्द कहे। अभी भी उनके मन में पीड़ा नहीं है तभी उन्होंने इतना अपमानजनक वीडियो बनाया है और फिर से एक बार पीएम मोदी की माता का ही नहीं बल्कि उन्होंने हर माता का अपमान किया है। केवल मां के प्रति ये भावना नहीं है उन्होंने तो बिहार को भी बीड़ी बोल दिया है। ये सब राहुल गांधी के इशारे पर किया जा रहा है। राहुल गांधी इसके लिए माफी मांगे क्योंकि ये तो ऑफिसियल हैंडल से किया गया है।

वीडियो को लेकर बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन ने कहा कांग्रेस बेशर्मी से बाज नहीं आ रही है। वे ओछे आचरण से भी बाज नहीं आ रहे हैं। एक तरफ, वे पृष्ठभूमि में राष्ट्रीय ध्वज के साथ उन्हें गाली देते हैं और दूसरी तरफ माफी मांगने के बजाय, वे इसे सही ठहराने के लिए उनका वीडियो जारी करते हैं। वे प्रधानमंत्री मोदी और उनकी मां के साथ-साथ देश की महिलाओं का अपमान कर रहे हैं। पूरा बिहार और देश कांग्रेस के इस ओछे आचरण से आक्रोशित है। कांग्रेस को इसका जवाब मिलेगा।

कांग्रेस ने भले ही वीडियो को किसी खास मकसद के लिए साझा किया है, लेकिन उसके वीडियो ने सियासत को फिर गरमा दिया है, कांग्रेस वीडियो के जरिए जागरूकता फैलाना की बात कह रही है। सुनिए बिहार कांग्रेस द्वारा साझा किया एआई वीडियो

Created On :   12 Sept 2025 2:48 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story