पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026: अमित शाह के 'विक्टिम कार्ड' वाले आरोप से भड़कीं ममता बनर्जी, 'पुराने कर्म' बताकर कसा तंज

अमित शाह के विक्टिम कार्ड वाले आरोप से भड़कीं ममता बनर्जी, पुराने कर्म बताकर कसा तंज
पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी दलों के बीच जुबानी जंग तेज होती जा रही है। इस सिलसिले में रविवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बयान पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पलटवार किया है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी दलों के बीच जुबानी जंग तेज होती जा रही है। इस सिलसिले में रविवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बयान पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पलटवार किया है। दरअसल, अमित शाह ने ममता बनर्जी के साल 2021 में लगी चोट को लेकर तंज कसा था। इसे लेकर अब ममता बनर्जी ने पलटवार करते हुए कहा कि वे उनकी मेडिकल रिपोर्ट देख लें। इसमें उनकी चोट की गंभीरता साफ दर्ज है।

अमित शाह के बयान पर ममता बनर्जी का पलटवार

अपने बयान में अमित शाह ने टीएमसी सरकार के खिलाफ एक चार्जशीट जारी करते हुए ममता बनर्जी पर 'हमेशा पीड़ित होने की राजनीति' करने के आरोप लगाया था। उन्होंने अपने बयान में कहा था कि वे कभी अपनी चोट की बात करती हैं, तो कभी चुनाव आयोग को कोसती हैं, लेकिन अब बंगाल की जनता उनकी 'विक्टिम कार्ड' वाली राजनीति को समझ चुकी है।

इस बयान पर पलटवार करते हुए ममता बनर्जी ने एक चुनावी रैली के दौरान कहा, 'वे कहते हैं कि मैं चुनाव के समय पट्टी बांधकर घूमती हूं। मैं कई बार मौत के मुंह से वापस लौटी हूं। जाकर डॉक्टर की रिपोर्ट देखिए।' इस दौरान ममता ने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या आपने साल 2021 के चुनाव में जानबूझकर मेरे पैर को चोट पहुंचाई थी? मैंने व्हीलचेयर पर बैठकर प्रचार किया। क्या आप मुझे मारने की योजना बना रहे हैं?

ममता बनर्जी ने जनता से की वोट देने की अपील

इतना ही नहीं, बल्कि ममता बनर्जी ने शाह के टीएमसी सरकार के खिलाफ चार्जशीट जारी करने की बात पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि उन्हें अपने 'पुराने कर्मों' के लिए चार्जशीट जारी करना चाहिए। हालांकि, यह बयान उन्होंने अमित शाह का नाम लिए बिना दिया।

बता दें, साल 2025 में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अवैध भारतीय प्रवासियों के खिलाफ कार्रवाई के तहत डिपोर्टेशन का जिक्र किया था। इसे लेकर ममता बनर्जी ने अमित शाह को घेरा। उन्होंने कहा, 'जब गुजरातियों को अमेरिका से कमर में रस्सी बांधकर भारत वापस भेजा जा रहा था, तब आप कहां थे?'

चुनावी सभा को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने खुद को राज्य की सभी सीटों का उम्मीदवार बताया। उन्होंने जनता से उन पर भरोसा जताने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा, 'आपको ये देखने की जरूरत नहीं है कि उम्मीदवार कौन है। मैं ही उम्मीदवार हूं। मुझ पर भरोसा करें और वोट दें।'

Created On :   30 March 2026 1:27 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story