Punjab Politics: कांग्रेस में बढ़ी अंदरूनी खींचतान! चन्नी गुट ने राजा वडिंग को हटाने की उठाई मांग

डिजिटल डेस्क, चंडीगढ। पंजाब कांग्रेस में नेताओं के बीच चल रही खींचतान अब खुलकर सामने आ गई है। शनिवार को पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने अपने साथ कई नेताओं के साथ पंजाब कांग्रेस के प्रभारी भूपेश बघेल से मुलाकात की। इस बैठक में नेताओं ने संगठन से जुड़े कई मुद्दों पर अपनी बात रखी। कुछ नेताओं ने प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग को बदलने की मांग भी की। बैठक में सभी को अपनी राय रखने का मौका दिया गया। अब इस मामले की जानकारी पार्टी के बड़े नेताओं तक पहुंचाई जाएगी। आने वाले समय में इस पर फैसला हो सकता है। चुनाव से पहले कांग्रेस अंदरूनी मामलों को सुलझाने की कोशिश कर रही है।
नेताओं ने अपनी राय खुलकर रखी
बैठक में चरणजीत सिंह चन्नी ने मौजूद नेताओं से पूछा कि वे प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग को बदलना चाहते हैं या नहीं। बैठक में शामिल सभी नेताओं ने हाथ उठाकर अपनी राय दी। कांग्रेस सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने कहा कि उन्होंने कार्यकर्ताओं की बात भूपेश बघेल तक पहुंचा दी है। उनका कहना है कि पार्टी का नेतृत्व ऐसा होना चाहिए जो लोगों की आवाज मजबूती से उठाए।
भूपेश बघेल ने क्या कहा
बैठक के बाद भूपेश बघेल ने कहा कि सभी नेताओं ने अपनी बात रखी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि हर सुझाव पार्टी के बड़े नेताओं तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि विधानसभा चुनाव में उन्हीं नेताओं को मौका मिलेगा जिनके जीतने की संभावना ज्यादा होगी। उन्होंने सभी को साथ लेकर चलने की बात कही।
चुनाव से पहले बढ़ी हलचल
अगले साल पंजाब में विधानसभा चुनाव होने हैं। इससे पहले कांग्रेस अपने अंदर के मतभेद दूर करने में लगी है। भूपेश बघेल जल्द ही अपनी रिपोर्ट कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी को देंगे। वहीं विधायक परगट सिंह ने कहा कि पार्टी के सभी मतभेद बातचीत से खत्म कर लिए जाएंगे और कांग्रेस एकजुट होकर चुनाव लड़ेगी।
Created On :   11 July 2026 4:49 PM IST












