Rahul Gandhi Assam Visit: 'वह खुद जमानत पर बाहर हैं..' राहुल गांधी के बयान पर हिमंत बिस्वा सरमा का तीखा पलटवार

वह खुद जमानत पर बाहर हैं.. राहुल गांधी के बयान पर हिमंत बिस्वा सरमा का तीखा पलटवार
  • असम में राहुल गांधी ने RSS और BJP पर जमकर साधा निशाना
  • CM हिमंत बिस्वा सरमा को बताया भ्रष्ट
  • बिहार वोटर लिस्ट रिवीजन का जिक्र भी किया

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी असम दौरे पर हैं। बुधवार को उन्होंने चायगांव में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए आरएसएस और बीजेपी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि एक तरफ आरएसएस की नफरत, बांटने और लड़ाने की विचारधारा है तो वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस है, जिसकी विचारधारा नफरत मिटाने की है। इस दौरान उन्होंने असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा को लेकर कहा कि वह जल्द ही जेल जाने वाले हैं।

'वे खुद जमानत पर बाहर हैं..'

राहुल के इस बयान पर हिमंत बिस्वा सरमा ने पलटवार किया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि असम आकर राहुल मुझे जेल भेजने की बात कर रहे हैं लेकिन वह भूल जाते हैं कि वह खुद जमानत पर बाहर हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "लिख कर ले लीजिए, हिमंत बिस्वा सरमा को जेल जरूर भेजेगा- यही यह वही वाक्य है जो नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने असम में कांग्रेस की राजनीतिक मामलों की समिति के साथ अपनी बंद बैठक में कहा, लेकिन हमारे नेता जी यह कितनी आसानी से भूल गए कि वे स्वयं देशभर में दर्ज कई आपराधिक मामलों में जमानत पर हैं। मेरी शुभकामनाएं आपके साथ हैं, राहुल जी। आज के दिन असम की मेहमाननवाजी का आनंद लें।"

क्या था राहुल गांधी का पूरा बयान?

राहुल गांधी ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा, "आज जो असम में हो रहा है वही पूरे देश में हो रहा है। यहां के मुख्यमंत्री खुद को राजा समझते हैं, लेकिन जब आप उनकी आवाज सुनेंगे, उनकी आंखों में देखेंगे, तो आपको उसके पीछे डर दिखेगा। वे बड़ी-बड़ी बातें करते हैं, चिल्लाते हैं, लेकिन उनके दिल में डर है। ऐसा इसलिए क्योंकि वो जानते हैं कि एक दिन कांग्रेस के बब्बर शेर उन्हें जेल में डाल देंगे। उन्हें अपने सारे भ्रष्टाचार का हिसाब असम की जनता को देना होगा।"

'पीएम मोदी भी नहीं बचा पाएंगे'

कांग्रेस नेता ने आगे कहा, "मैं जो बोलता हूं, वो होता है। मैंने कोविड, नोटबंदी, गलत GST के समय जो बोला, उसका नतीजा सबको दिखा। मैं आज बोल रहा हूं कि कुछ ही समय में मीडिया वाले आपके मुख्यमंत्री को जेल जाता हुआ दिखाएंगे और उन्हें नरेंद्र मोदी, अमित शाह भी नहीं बचा पाएंगे। ये काम कांग्रेस पार्टी नहीं करेगी। ये काम असम के युवा, किसान, मजदूर और हर वर्ग के लोग करके दिखाएंगे, क्योंकि उन्हें पता है कि ये व्यक्ति भ्रष्ट है। ये व्यक्ति 24 घंटा असम की जमीन चोरी करता है- कहीं सोलर पार्क के नाम पर, कहीं रिसॉर्ट के बहाने और ये बात असम का बच्चा-बच्चा जानता है।"

'जो बिहार में हुआ वो असम में भी होगा'

राहुल ने बिहार वोटर लिस्ट रिवीजन का जिक्र करते हुए कहा, "महाराष्ट्र का चुनाव बीजेपी और चुनाव आयोग ने चोरी किया। वही काम अब बिहार में भी करने की कोशिश की जा रही है। ये लोग अब बिहार में नई वोटर लिस्ट तैयार करने का काम कर रहे हैं। उस वोटर लिस्ट से लाखों लोगों को हटाया जा रहा है। इसमें गरीब, मजदूर, किसान हैं और कांग्रेस-आरजेडी के वोटर शामिल हैं। हम बिहार में इसके खिलाफ आंदोलन कर रहे हैं और इन पर दबाव बना रहे हैं। वही काम ये लोग असम में भी करेंगे, लेकिन हम ऐसा होने नहीं देंगे।

Created On :   16 July 2025 6:38 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story