विरासत टैक्स: सैम पित्रोदा ने अमेरिका की तरह भारत में भी 'विरासत टैक्स' लगाने का किया समर्थन, भाजपा नेताओं ने की आलोचना

सैम पित्रोदा ने अमेरिका की तरह भारत में भी विरासत टैक्स लगाने का किया समर्थन, भाजपा नेताओं ने की आलोचना
  • सैम पित्रोदा ने किया विरासत टैक्स का समर्थन
  • भाजपा ने की आलोचना
  • जयराम रमेश को देनी पड़ी सफाई

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा ने भारत में अमीर-गरीब के बीच की खाई को पाटने के लिए भारत में 'विरासत टैक्स' लगाने की वकालत की है। यह टैक्स अमेरिका में लगाया जाता है जिसके तहत अगर किसी अरबपति की मौत हो जाती है तो उसकी संपत्ति का सिर्फ 45 फीसदी ही उनके बच्चों को ट्रांस्फर किया जाता है। बाकि के 55 फीसदी संपत्ति पर सरकार का मालिकाना हक होता है। इस टैक्स सिस्टम के चलते धन का रिडिस्ट्रीब्यूशन हो पाता है। हालांकि, भारत के संदर्भ में इस टैक्स सिस्टम की वकालत ने सियासी सरगर्मी बढ़ा दी है। सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने इस कानून पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कांग्रेस पार्टी की कड़ी आलोचना की है।

सैम पित्रोदा ने क्या कहा?

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बीते दिनों चुनाव जीतने पर पूरे देश में एक सर्वे कराने की बात कही थी, जिसके तहत यह पता लगाया जाएगा कि किसके पास कुल कितनी संपत्ति है। उनके इस बयान को लेकर जब इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष से सवाल किया गया तो उन्होंने दिलचस्प जवाब दिया। अमेरिका के शिकागो में सैम पित्रोदा ने कहा, "अमेरिका में विरासत कर लगता है। अगर किसी के पास 100 मिलियन डॉलर की संपत्ति है और जब वह मर जाता है तो वह केवल 45 फीसदी अपने बच्चों को ट्रांसफर कर सकता है।अमेरिकी सरकार 55 फीसदी हिस्सा ले लेती है। यह एक दिलचस्प कानून है। यह कहता है कि आपने अपनी पीढ़ी में संपत्ति बनाई और अब आप जा रहे हैं, आपको अपनी संपत्ति जनता के लिए छोड़नी चाहिए। पूरी नहीं आधी, ये जो निष्पक्ष कानून है मुझे अच्छा लगता है।"

उन्होंने आगे कहा, "भारत में ऐसा कोई कानून नहीं है। यहां अगर किसी के पार 10 अरब रुपये की संपत्ति है तो उसके मरने के बाद उनके बच्चों को सारी की सारी संपत्ति मिल जाती है। जनता के लिए कुछ नहीं बचता है। मुझे लगता है कि इस तरह के मुद्दों पर लोगों को चर्चा करनी चाहिए। मुझे नहीं पता कि इस चर्चा का क्या परिणाम निकलेगा। हम नई नीतियों और नए प्रोग्राम की बात कर रहे हैं, जो लोगों के जो लोगों के हित में हो ना कि सिर्फ अमीरों के हित में हो।"

बीजेपी ने कांग्रेस पर साधा निशाना

विरासत टैक्स पर सैम पित्रोदा के बयान के बाद भाजपा नेताओं ने इस मुद्दे पर कांग्रेस पार्टी को घेरना शुरू कर दिया है। भाजपा प्रवक्ता अमित मालवीय ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, "कांग्रेस ने भारत को बर्बाद करने की ठान ली है. अब, सैम पित्रोदा धन पुनर्वितरण के लिए 50% विरासत कर की वकालत करते हैं। इसका मतलब यह है कि हम अपनी सारी मेहनत और उद्यम से जो कुछ भी बनाएंगे, उसका 50% छीन लिया जाएगा। इसके अलावा अगर कांग्रेस जीतती है तो हम जो भी टैक्स देते हैं वह भी बढ़ जाएगा।"

असम के मुख्यमंत्री और भाजपा नेता हिमंत बिस्वा सरमा ने भी सैम पित्रोदा के बयान पर कांग्रेस पार्टी की आलोचना की है। उन्होंने एक्स पर अपने एक पोस्ट में लिखा, "परिवार के सलाहकार सच बोल रहे हैं। इनकी मंशा कड़ी मेहनत से कमाए आपके पैसे को संगठित तौर पर लूटने की है।"

जयराम रमेश ने दी सफाई

विरासत कर को लेकर दिए गए सैम पित्रोदा के बयान पर भाजपा की तीखी प्रतिक्रया के बाद कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव जयराम रमेश ने सफाई दी है। उन्होंने पित्रोदा के बयान को निजी बताते हुए कांग्रेस पार्टी की राय से अलग बताया है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हर व्यक्ति को अपनी राय रखने की स्वतंत्रता है। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि सैम पित्रोदा के विचार हमेशा कांग्रेस की राय से मेला खाते हो। कई बार ऐसा नहीं होता है। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि पीएम मोदी के दुर्भावनापूर्ण चुनावी कैंपेन से ध्यान भटकाने के लिए जानबूझकर पित्रोदा के बयान को गलत संदर्भ में पेश किया जा रहा है।

Created On :   24 April 2024 6:02 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story